पति संग कतई नहीं रहूंगी: शादी के 18 साल बाद देवर पर आया दिल...थाना-पंचायत में भी न मानी, फिर इश्क से हारी ममता
महिला ने खुद ही पुलिस के समक्ष पहुंचकर यह कह दिया था कि वह अब पति के साथ कतई नहीं रहेगी। वह जीवनपर्यंत अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी। पुलिस के समझाने के बाद भी महिला अपनी जिद पर अड़ी रही थी। इसके बाद मामले को सुलझाने के लिए पंचायत की गई।
विस्तार
रिश्ते के देवर के साथ रहने की जिद कर रही महिला को आखिरकार सफलता मिल ही गई। पंचायत ने दोनो पक्षों की रजामंदी के बाद ये फैसला सुनाया है कि महिला और उसका प्रेमी गांव में नहीं रहेगा, जबकि उसके पांचों बच्चे पिता के पास रहेंगे। पंचायत ने इस बात का भी खुलासा कर दिया है कि भविष्य में दोनों पक्ष किसी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे। भविष्य में यदि किसी के साथ कोई घटना होती है तो वह स्वयं ही जिम्मेदार होगा।
क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली पांच बच्चों की मां रिश्ते के देवर को दिल दे बैठी, उसकी प्रेम कहानी की चर्चाएं आम हो गई थीं। दो दिन पहले महिला ने खुद ही पुलिस के समक्ष पहुंचकर यह कह दिया था कि वह अब पति के साथ कतई नहीं रहेगी। वह जीवनपर्यंत अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी। पुलिस के समझाने के बाद भी महिला अपनी जिद पर अड़ी रही थी तब पुलिस ने साथ आए लोगों से कहा कि पंचायत कर इस मामले को निपटाएं।
मामला अधिक तूल न पकड़े इसलिए गांव वालों ने भी प्रधान की अगुवाई में एक पंचायत की। पंचायत में महिला उसका प्रेमी और पति समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पंचायत ने दोनो पक्षों की बातों को सुना। साथ ही पंचायत ने महिला की जिद के बाद यह फैसला सुनाया अगर वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है, तब वह गांव में नहीं रह सकती। गांव के बाहर कहीं भी जाकर दोनों रह सकते है। महिला ने इस बात स्वीकार किया और कहा कि वह प्रेमी के लिए गांव छोड़ने को तैयार है।
पंचायत ने ये तय किया कि सभी पांचों बच्चे पिता के साथ रहेंगे। इस बात पर भी महिला राजी हो गई। पंचायत ने ये भी कहा की दोनों पक्षों को इस बात की भी ताकीद दे दी कि भविष्य में अगर किसी के साथ किसी भी तरह की घटना दुर्घटना होती है, उसके लिए संबंधित पक्ष स्वयं जिम्मेदार होगा। पंचायत में बकायदा प्रधान के हस्ताक्षर युक्त इस फैसले की कॉपी थाना पुलिस को भी दे दी है।
ममता पर भारी पड़ी मोहब्बत
मां की ममता का कोई मोल नहीं होता, कैसा भी समय हो पर मां अपने बच्चों को रोता हुआ नहीं देख सकती। लेकिन यहां मां ने अपने बच्चों की ओर पीछे मुड़कर भी नहीं देखा। बच्चे मां को रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह रिश्ते के देवर के साथ गांव छोड़कर चली गई। महिला की 18 साल पहले शादी हुई थी।