{"_id":"cf3286400b847762bebd8f00118a6035","slug":"third-front-was-under-pressure-from-the-medical-college-budget-nasimuddin-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"नसीमुद्दीन का दावा, ‘थर्ड फ्रंट’ के दबाव में मिला मेडिकल कालेज को बजट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नसीमुद्दीन का दावा, ‘थर्ड फ्रंट’ के दबाव में मिला मेडिकल कालेज को बजट
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
Updated Sat, 14 Mar 2015 11:44 PM IST
विज्ञापन
‘बसपा सरकार के समय शुरू हुए बांदा मेडिकल कालेज के निर्माण से हाथ खींचे रही सपा सरकार ने पिछले वर्षों जो बजट आवंटित किया है उसके तार केंद्र में विपक्षी दलों के बने ‘थर्ड फ्रंट’ से जुड़े हैं।
विज्ञापन
फ्रंट में शामिल आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के रिश्तेदार की कंपनी मेडिकल कालेज बनवा रही है। नायडू के दबाव पर ही सपा सरकार के मुख्यमंत्री को मेडिकल कालेज के लिए बजट जारी करना पड़ा।’
विज्ञापन
यह दावा किया है प्रदेश विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष और बसपा राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने। शनिवार की सुबह यहां श्रीराम सिटी यूनियन फाइनेंस कंपनी के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज का निर्माण आंध्र प्रदेश की डीपीआर कंपनी कर रही है। इसके मालिक रवींद्र राव (चेन्नई) हैं।
विज्ञापन
वह आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के रिश्तेदार हैं। बसपा के बाद सपा सरकार बनते ही मेडिकल कालेज के लिए बजट का टोटा पड़ गया था।
श्री सिद्दीकी ने दावा किया कि जब ‘थर्ड फ्रंट’ बना तो कंपनी ठेकेदार ने चंद्रबाबू नायडू से सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर मेडिकल कालेज के लिए बजट देने का दबाव बनाया। सपा मुखिया को ‘थर्ड फ्रंट’ की जरूरत है इसलिए बजट देना पड़ा।
उधर, श्री सिद्दीकी ने यह भी कहा कि मेडिकल कालेज के लिए वह और उनकी पत्नी एमएलसी हुस्ना सिद्दीकी आदि विधान परिषद में प्रश्नों और विभिन्न धाराओं के तहत उठाए गए सवालों से सरकार पर लगातार दबाव बनाए रहे। इसके सुबूत के अभिलेख उनके पास मौजूद हैं।
बसपा सरकार बनी तो बनेगा पैरामेडिकल कालेज
बांदा। पूर्व मंत्री और बसपा महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा है कि बांदा का मेडिकल कालेज बसपा सुप्रीमो ‘बहन जी’ का ड्रीम प्रोजेक्ट है।
श्री सिद्दीकी ने उनका हवाला देकर कहा कि प्रदेश में बसपा सरकार बनी तो बांदा मेडिकल कालेज में न सिर्फ मानक के मुताबिक डॉक्टर और मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी बल्कि इसे ‘पैरामेडिकल कालेज’ भी बनाया जाएगा। एमबीबीएस और एमएस की कक्षाएं भी शुरू कराई जाएंगी। बहन जी का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है इसलिए इसे ड्रीम ही रखा जाएगा।
सिटी यूनियन फाइनेंस ब्रांच का उद्घाटन
बांदा। शनिवार को सुबह यहां बंगालीपुरा में श्रीराम सिटी यूनियन फाइनेंस लिमिटेड कार्यालय शुरू हो गया। समारोह के बीच बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने फीता काटकर उद्घाटन किया।
कंपनी के ब्रांच मैनेजर नवीन कुमार विश्वकर्मा ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया। कंपनी के उत्तर प्रदेश हेड अखिलेश कुमार व अनिल कुमार तथा संजय उपाध्याय और स्टाफ कर्मियों सहित बसपा नेता मुमताज अली, मोहम्मद इदरीस, बीएम कुशवाहा, लल्लू निषाद, खिलाड़ी जफर अहमद, फैय्याजुद्दीन सिद्दीकी शामिल आदि रहे।