{"_id":"e815a439708376bb92964f0d633209d7","slug":"farmers-upset-by-arbitrary-lekpalon-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"किसान लेखपालों की मनमानी से परेशान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
किसान लेखपालों की मनमानी से परेशान
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
Updated Tue, 07 Apr 2015 11:59 PM IST
विज्ञापन
अतर्रा क्षेत्र के किसानों ने लेखपालों और एसडीएम के खिलाफ सर्वे व मुआवजा देने में मनमानी करने की शिकायत डीएम से की है।
विज्ञापन
अतर्रा ग्रामीण के मजरे व गांव नंदना, नगनेधी, तेंदुही, रहूसत, पुनाहुर, ओरहा, हड़हामाफी, महोतरा, गड़ांव, आऊ आदि गांवों के किसानों ने भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि हकीकत को नजरंदाज कर चहेतों को ज्यादा लाभ पहुंचाया जा रहा है।
रविवार की रात हुई बारिश से खलिहानों की फसल भी बर्बाद हो गई है। मवेशियों के भूसे का भी संकट उत्पन्न हो गया है। उधर, नगर अध्यक्ष संजय साहू ने नगर में सफाई व्यवस्था पटरी से उतरने की शिकायत डीएम से की है। कहा कि ईओ के दफ्तर में न बैठने से फरियादी परेशान हैं।
विज्ञापन
इसी क्रम में भारतीय किसान सेना ने मंडलायुक्त को दिए ज्ञापन में फसल नुकसान सर्वेक्षण में देरी कर रहे लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का वेतन रोकने, किसानों के खातों में तत्काल राहत राशि भेजने और गड़बड़ी करने वाले बैंक व बीमा कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई, आत्महत्या और सदमे से मौत होने पर किसानों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
विज्ञापन
बबेरू में किसानों का प्रदर्शन, ज्ञापन
बबेरू। मऊ गांव के मजरा वशिष्ठन पुरवा के किसानों ने तहसील में प्रदर्शन कर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। लगभग एक सैकड़ा किसानों ने फसल नुकसान पर मुआवजे की मांग करते हुए तत्काल लेखपाल को भेज कर सर्वेक्षण कराने की मांग की। कहा है कि अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से फसल तबाह होने के बाद अभी तक लेखपाल ने मौके पर सर्वेक्षण नहीं किया।
एसडीएम विनय कुमार पाठक ने लेखपाल भेजने और सहायता राशि उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। ज्ञापन देने वालों में श्याममूरत त्रिपाठी, अखिलेश द्विवेदी, मनोज कुमार, पदुम्न राज त्रिपाठी, मोहनलाल, मतोला, वीरेंद्र सिंह, उमाकांत, लाल मोहम्मद, राजेंद्र प्रसाद, गजेंद्र समेत तमाम किसान शामिल रहे।
सार्वजनिक स्थल पर बांटा जाए राशन
बांदा। दैवीय आपदा से पीड़ित किसानों ने भुखमरी का हवाला देते हुए आपूर्ति विभाग के जरिए गांवों में राशन वितरित कराने की मांग डीएम से की। मंगलवार को तहसील दिवस में ज्ञापन देकर कहा है कि ज्यादातर घरों में फाकाकशी की नौबत है। सामाजिक संगठन प्रभावित किसानों को नि:शुल्क राशन का वितरण करा रहे हैं।
इसी तरह कोटेदारों के माध्यम से सक्षम अधिकारी की मौजूदगी में राशन का वितरण कराया जाए। पैलानी तहसील में तहसीलदार की नियुक्ति करने की भी मांग की।
समाजसेवी ओम दीक्षित की अगुवाई में संतोष कुमार सैनी, जगदेव, रामकुमार, अमर सिंह, शिवदत्त पांडेय, शब्बीर, संदीप तिवारी, लक्ष्मी नारायण शुक्ला समेत सैकड़ा भर से ज्यादा ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा।