शराबी पिता ने मासूम को चट्टान पर पटक कर मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। शराब के नशे में धुत पिता ने छह माह के मासूम पुत्र को चट्टान पर पटक कर मार डाला। घटना के बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। पैलानी थाना क्षेत्र के खप्टिहा कलां गांव के मजरा नया डेरा निवासी शिवनरेश निषाद उर्फ बंदरा रविवार को शाम शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। इसके बाद शिवनरेश अपने छह माह के पुत्र अजय को गोद में लेकर बाहर निकल गया। घर से लगभग 50 मीटर दूर ले जाकर पहड़िया पर मासूम पुत्र को मुंह के बल चट्टान पर पटक दिया। उसकी वहीं मौत हो गई।
घटनास्थल के आसपास मौजूद महिलाओं ने गांव लौट कर भतीजी शीतल को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों के साथ शीतल मौके पर पहुंची तो मासूम बच्चे को मृत पाया। शिवनरेश फरार हो गया। मां भूरी देवी भतीजी शीतल की देखरेख में मासूम अजय को छोड़कर खेत चली गई थी। घटना की सूचना पर पैलानी थानाध्यक्ष राजीव कुमार और खप्टिहा कलां चौकी प्रभारी रामनारायण नायक पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक की चचेरी बहन शीतल ने पुलिस को पूरी घटना बताई। थानाध्यक्ष ने बताया कि बालक की जघन्य हत्या शराब के नशे में पिता ने की है। फरार हत्याभियुक्त की तलाश में दबिश दी जा रही है। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। मां भूरी देवी ने बताया कि उसकी शादी दो साल पहले हुई थी। अजय इकलौता पुत्र था। हत्यारोपी पति अक्सर शराब के नशे में उत्पात करता था। लेकिन वह यह नहीं जानती थी कि पिता ही पुत्र का दुश्मन बन जाएगा।