बाप की पिटाई से घायल बेटे ने दम तोड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना में पिता की पिटाई से घायल पुत्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। मां की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। शहर के किरन कालेज चौराहा निवासी रामरतन पाल का एक सप्ताह पूर्व अपने मंझले पुत्र सुधांशु पाल (18) से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पिता ने डंडा मारकर उसका सिर फोड़ दिया। पुत्र को लहूलुहान करने के बाद पिता मौके से भाग निकला। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सुधांशु को कानपुर रेफर कर दिया। मंगलवार को कानपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मां शिव कुमारी की तहरीर पर कोतवाली में आरोपी पिता के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 (हत्या) की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के भाई सौरभ ने बताया कि सुधांशु राजा देवी डिग्री कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था और एक समाचार पत्र की एजेंसी लिए था। पिता शराब और गांजे का लती है। नशे की लत को पूरा करने के लिए अक्सर रुपये मांगता था। न देने पर झगड़ा करता था। उधर, कोतवाली प्रभारी डीपी तिवारी ने बताया कि मां की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी पिता को चिल्ला चौराहे के नजदीक गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल कराने के बाद हत्याभियुक्त पिता को जेल भेज दिया गया।