फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Balrampur News ›   Balrampur: Three dead due to rain and storm; crops flattened in fields.

बलरामपुर: बारिश-आंधी से तीन की मौत, खेतों में बिछी फसल, सड़कों पर जलभराव-कीचड़ से आवागमन प्रभावित

Sun, 27 Sep 2026 07:37 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya अमर उजाला नेटवर्क, बलरामपुर
अमर उजाला नेटवर्क, बलरामपुर Published by: Ishwar Ashish Bhartiya Updated Sun, 27 Sep 2026 07:37 PM IST
सार

बलरामपुर जिले में बारिश के कारण हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। सड़कों पर जलभराव और कीचड़ से आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं, सूखे के बाद अतिवृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

विज्ञापन
Balrampur: Three dead due to rain and storm; crops flattened in fields.
बारिश से खेतों में फसल गिरी। - फोटो : amar ujala

विस्तार

बलरामपुर जिले में लगातार बारिश और तेज हवा ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। टीन शेड गिरने और पेड़ की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हुए, जबकि बारिश के पानी से सड़कें जलमग्न हो गईं। खेतों में तैयार होने की कगार पर पहुंची धान की फसल तेज हवा से जमीन पर बिछ गई। गन्ने की फसल भी गिर गई है। सूखे के कारण पहले ही सिंचाई पर अतिरिक्त खर्च कर फसल बचाने वाले किसानों के सामने अब अतिवृष्टि और तेज हवा से हुए नुकसान की नई समस्या खड़ी हो गई है।

विज्ञापन


हरैया सतघरवा के पांडेयपुरवा गांव में शनिवार रात करीब दो बजे टीन शेड गिर गया। इसके नीचे दबने से सीताराम की पत्नी मुन्नी देवी (60) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात में होने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन


इसी क्षेत्र के हरहट गांव में शुक्रवार देर शाम पेड़ गिरने से घायल हुए विनोद कुमार (40) की रविवार को लखनऊ में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं पचौथा निवासी संदीप (35) की भी पेड़ गिरने से जान चली गई। रविवार को वह गांव में मौजूद थे, तभी अचानक पेड़ गिर गया। लगातार बारिश और तेज हवा के बीच पेड़ों के गिरने से ग्रामीण इलाकों में खतरा बढ़ गया है। रविवार को भी बारिश जारी रहने से लोगों की परेशानी बढ़ी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन


शहर में कई मार्गों पर कीचड़ और जलभराव
लगातार बारिश का असर शहर और प्रमुख मार्गों पर भी दिखाई दिया। वीर विनय चौराहे से तुलसीपुर रोड और बहराइच रोड पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी हुई। बाइक सवारों को विशेष दिक्कत का सामना करना पड़ा। राहगीर राजाराम ने बताया कि सड़क पर कीचड़ होने से बाइक चलाना मुश्किल हो गया। स्पोर्ट्स स्टेडियम से बुद्धा पार्क होते हुए पहलवारा और कचहरी जाने वाले मार्ग पर कई पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। राहगीर राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें पहलवारा जाने के लिए रोडवेज होकर घूमकर जाना पड़ा।

सूखे के बाद अब अतिवृष्टि से फसलें बर्बाद

हरैया सतघरवा क्षेत्र के किसानों के लिए मौसम की मार लगातार बढ़ती जा रही है। पहले बारिश न होने के कारण धान की फसल सूखने लगी थी। किसानों ने किसी तरह बोरिंग, नाला और तालाब से पानी लगाकर फसल बचाई। अब लगातार बारिश और तेज हवा ने तैयार होती फसल को खेत में गिरा दिया है। खेतों में पानी भरने से गिरी हुई धान की फसल के सड़ने का खतरा भी बढ़ गया है।

किसान जटाशंकर वर्मा ने बताया कि बारिश न होने के कारण इस वर्ष अधिकांश किसानों के खेतों में धान सूखने लगा था। जिन किसानों ने बोरिंग आदि से पानी चलाकर रोपाई से लेकर फसल तैयार होने तक उसे बचाया, उनकी मेहनत अब तेज हवा और अत्यधिक बारिश ने खराब कर दी।

जगदंबा प्रसाद ने बताया कि उनके खेत में भी बारिश न होने से धान सूखने लगा था। उन्होंने नाला और तालाब से पानी चलाकर फसल को तैयार किया, लेकिन अब तेज हवा और बारिश से धान खेत में गिर गया है। पानी भरे रहने के कारण फसल सड़ने लगी है। इससे लागत निकलना भी मुश्किल हो सकता है।

राजमणि, अनंतराम, राजबहादुर और नानमून आदि किसानों ने बताया कि तेज हवा से गन्ने की फसल भी गिर गई है। खेत में गन्ना गिरने के बाद उसकी जड़ को चूहे नुकसान पहुंचाते हैं। मिल की ओर से खरीदारी तक यदि फसल खेत में पड़ी रही तो काफी गन्ना खराब होने की आशंका है।

उतरौला में एसडीएम ने खेतों में पहुंचकर देखा नुकसान

उतरौला क्षेत्र में भी लगातार बारिश और तेज हवा से धान और गन्ने की फसल प्रभावित हुई है। रविवार को उपजिलाधिकारी उतरौला योगेंद्र शरण शाह ने गैंडास बुजुर्ग, रमवापुर, पुरैनिया जाट, मधुपुर, उतरौला ग्रामीण और लालगंज समेत कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर गिरी हुई धान की फसल और प्रभावित गन्ने का जायजा लिया तथा किसानों से फसल के रकबे और नुकसान की जानकारी ली।

एसडीएम ने संबंधित कर्मचारियों को स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक और निष्पक्ष नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे में किसी भी प्रभावित किसान की फसल छूटनी नहीं चाहिए और नुकसान का सही विवरण दर्ज किया जाए, ताकि शासन स्तर से मिलने वाली सहायता के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पिपरहवा में पानी के तेज बहाव में फंसा ट्रक, बाईपास ठप
तुलसीपुर-हरैया मार्ग पर खैरी गांव के पास कठरिहवा पुल निर्माण के चलते बनाए गए बाईपास पर भी बारिश ने मुश्किल बढ़ा दी। रविवार को बारिश के पानी का बहाव इतना तेज था कि एक ट्रक पानी के बीच फंस गया। ट्रक रास्ते में खड़ा होने से बाईपास पर कई घंटे आवागमन बाधित रहा और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।

पेहर में सड़क बनी तालाब, गड्ढे नहीं दिख रहे

पेहर बाजार क्षेत्र में उतरौला-मनकापुर रोड से सिरसिया और महुआढार जाने वाली सड़क भारी बारिश के बाद तालाब में तब्दील हो गई। सड़क पर जगह-जगह पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों के लिए भी रास्ता मुश्किल हो गया है।

ग्रामीण मायाराम, महबूब, अख्तर खान, अब्दुल समद, कमाल अहमद, रमेश, जय राम, सुरेश यादव, अलीम और दिनेश ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण कराकर जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है।

जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन का कहना है कि बारिश से जो भी दिक्कत है, उसकी रिपोर्ट मांगी गई है। मृतकों को आर्थिक मदद देने की कवायद की जा रही है। सभी तहसीलों की राजस्व टीमें सक्रिय हैं, हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। व्यवस्था ठीक करने के लिए कार्य हो रहा है। आम लोगों को भी सतर्क किया जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed