Balrampur: किशोरी के साथ दुष्कर्म कर हंसिया से हमला, गिरफ्तारी के बाद पुलिस वाहन से कूदा...पैर में लगी चोट
बलरामपुर के गौरा चौराहा क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार करते समय पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश में वह घायल हो गया।
विस्तार
बलरामपुर के गौरा चौराहा क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। खेत में काम करने निकली 15 वर्षीय किशोरी के साथ एक व्यक्ति ने सोमवार की शाम करीब चार बजे दुष्कर्म किया। विरोध करने पर किशोरी को हंसिए के मूठ से चेहरे व शरीर पर हमला करके चोट पहुंचाई।
आरोपी गौरा चौराहा क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर निवासी इकबाल हुसैन उर्फ अकबाल को गिरफ्तार करके पुलिस थाने ला रही थी। तभी वह भुसैलवा पुल पर पुलिस वाहन से कूदकर भागा। वाहन से गिरने के चलते आरोपी के पैर में चोट लग गई। संयुक्त जिला चिकित्सालय में इलाज कराने के लिए आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामले की एफआईआर एक गांव की महिला ने दो फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि 15 वर्षीय बेटी शाम करीब चार बजे खेत में काम के लिए गई थी। तभी बेटी को आरोपी 31 वर्षीय व्यक्ति गन्ने के खेत में खींच ले गया। बेटी के कपड़े फाड़ दिए और दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर बेटी को हंसिए के मूठ से चेहरे व शरीर पर हमला करके चोट पहुंचाई। शोर मचाने पर आरोपी भाग गया। थानाध्यक्ष हरीश सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी गौरा चौराहा क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर निवासी इकबाल हुसैन उर्फ अकबाल के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो व एससी/एसटी अधिनियम सहित अन्य कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसपी विकास कुमार ने आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दिया। टीम ने मंगलवार की शाम करीब चार बजे भुसैलवा पुल के पास घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी को जैसे ही वाहन में बैठाया, वह कूदकर भागने लगा। पुल की छत के बीच बने अंतर में आरोपी का पैर फंसने से गिर गया और चोटिल हो गया। दोबारा हिरासत में लेकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदनगर भेजा गया। संयुक्त जिला चिकित्सालय में इलाज कराने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भागने की फिराक में था आरोपी
एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई। उसने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिल चुकी थी। पुलिस से बचने के लिए तुलसीपुर की ओर भागने की फिराक में था। तभी पुलिस ने भुसैलवा पुल के पास पकड़ लिया। आरोपी के पास 230 रुपये बरामद किए गए, जिसे मालखाने में जमा करा दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी को जानकारी न होे, इसलिए एफआईआर की बात पुलिस ने छुपाए रखी थी। इसके बाद भी आरोपी तक जानकारी पहुंचने की खासी चर्चा है।
सीओ सिटी को सौंपी गई विवेचना
एसपी विकास कुमार ने बताया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले की विवेचना के लिए सीओ सिटी ज्योतिश्री को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जल्द ही आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।