{"_id":"6a9fd27ed34e45a83f0a7145","slug":"villager-dies-of-electrocution-after-11-000-volt-wire-falls-on-house-in-ballia-2026-09-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाईटेंशन तार बना काल: घर पर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार, करंट लगने से ग्रामीण की मौत; परिवार में कोहराम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाईटेंशन तार बना काल: घर पर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार, करंट लगने से ग्रामीण की मौत; परिवार में कोहराम
Tue, 08 Sep 2026 02:48 PM IST
Pragati Chand
अमर उजाला नेटवर्क, बलिया।
अमर उजाला नेटवर्क, बलिया।
Published by: Pragati Chand
Updated Tue, 08 Sep 2026 02:48 PM IST
सार
बलिया जिले में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक घर पर 11 हजार वोल्ट का तार गिर गया। हादसे में करंट की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
विज्ञापन
हादसे के बाद घर के बाहर जुटी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में मंगलवार सुबह घर पर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से हृदयानंद वर्मा की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। नगर पंचायत प्रतिनिधि मंटन वर्मा समर्थकों के साथ बैरिया विद्युत उपकेंद्र पर दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। घटना को देखते हुए थाना प्रभारी आरपी सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर डटे रहे।
विज्ञापन
कैसे हुआ हादसा
सुबह बैरिया पुलिस को हृदयानंद वर्मा की करंट लगने से मौत की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम बैरिया और क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और संवेदना जताते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का भरोसा भी दिया गया।
विज्ञापन
लेकिन मंटन वर्मा और उनके समर्थक बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई और घरों के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तारों को हटाने की मांग पर अड़े रहे। धरने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण पावर हाउस पर जुटे रहे। इससे मौके पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
ग्रामीणों का कहना था कि आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर पहले भी चिंता जताई जाती रही है। हादसे के बाद लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि यदि समय रहते खतरे का समाधान किया जाता तो जान बचाई जा सकती थी।
हृदयानंद वर्मा की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।