बैरिया। कोरोना संक्रमण के चलते हॉटस्पॉट घोषित मिर्जापुर के कई सब्जी उत्पादक किसान शनिवार को उपजिलाधिकारी सुरेश पाल से मिले। गुहार लगाते हुए कहा कि सरकार कोई इंतजाम करें वरना हम लोगों का परिवार भूखे मर जाएगा। दो महीने से हमारे खेतों की सब्जी की बिक्री बंद है और जीविकोपार्जन का दूसरा साधन कोई नहीं है।
बता दें कि तत्कालीन उपजिलाधिकारी ने बीबीटोला मुख्यमार्ग से सब्जी मंडी को शीतगृह मार्ग पर स्थानांतरित कर दिया था। बाद में वहां भी सब्जी की दुकानें स्थाई तौर पर बंद करा दी गई। फलस्वरूप बीबीटोला, मिर्जापुर, सुरजन छपरा के सैकड़ों छोटे किसान जो खेतों में पैदा हुई हरी सब्जियों को मंडियों में ले जाकर बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे जो बंद हो गया। इसके चलते सब्जियां खेतों में ही खराब हो रही हैं क्योंकि प्रशासन उन्हें बेचने की इजाजत नहीं दे रहा है। इसको लेकर किसानों ने उपजिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाते हुए शीतगृह मार्ग पर ही पुन: सब्जी दुकान लगाने की अमुनति मांगी। एसडीएम ने कहा कि सभी लोग सोनबरसा के कृषि उप मंडी समिति में दुकानें लगाएं, उन्हें हर तरह का सहयोग किया जाएगा।