यूपी में बड़ी वारदात: एक मकान में दो लाश, फंदे पर लटका था व्यापारी, बक्से में बोरी के अंदर मिला किन्नर का शव
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक व्यापारी का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी की पत्नी से पूछताछ की तो एक बक्से में लापता किन्नर का शव बरामद हुआ।
विस्तार
बलिया जिले में दो दिन से गायब रेखा किन्नर (60) की हत्या कर शव को बोरी में बांधकर चार मंजिला मकान के छत पर बके में छिपाने के बाद पकड़े जाने के डर से डेयरी दुकानदार रवि गुप्ता (28) ने खुदकुशी कर ली। आत्महत्या की सूचना पर बृहस्पतिवार की सुबह पहुंची पुलिस ने घर से आ रही दुर्गंध पर जांच पड़ताल शुरू की। इस दौरान रेखा किन्नर का शव बक्से में प्लास्टिक की बोरी से बरामद किया गया। रेखा किन्नर के शरीर पर पहने अधिकतर आभूषण गायब थे। एक घर से दो शव मिलने की खबर पर कस्बे में खलबली मच गई। भारी संख्या में साथी किन्नर जुट गए। उन्होंने कर्ज का पैसा वापस मांगने व आभूषण के लालच में रेखा की हत्या कर शव को छिपाने का आरोप लगाया।
घटना की जानकारी होने पर मौके पर एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर, सीओ फहीम कुरैसी ने पहुंचकर जांच पड़ताल किया। पुलिस ने मृतक रवि के पिता विजय गुप्ता, पत्नी मोना गुप्ता व परिवार की एक महिला रीता देवी को हिरासत में ले लिया।
एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि बधाई का पैसा मांगने के दौरान हुए विवाद में किन्नर की मौत के बाद डिप्रेशन में आकर रवि ने आत्महत्या कर ली है। कहा कि पोस्टमार्टम रिर्पोट व आगे की जांच के बाद सही कारण पता चलेगा। सुरक्षा को लेकर दोकटी, रेवती, दुबहड़, हल्दी थानों की फोर्स रानीगंज बाजार से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक मुस्तैद रही।
इसे भी पढ़ें; Mirzapur News: छत्तीसगढ़ से सोना लूट कर भाग रहे चार बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में दो को लगी गोली
सीसी कैमरे के रिकार्ड व आत्महत्या के बाद पुलिस ने बरामद किया शव
रानीगंज बाजार निवासी विजय गुप्ता का बेटा रवि गुप्ता बाजार में डेयरी की दुकान चलाता था। एक वर्ष पूर्व मोना गुप्ता से उसकी शादी हुई थी। बुधवार शाम को रवि दुकान से आकर चार मंजिला मकान में तीसरे मंजिल पर स्थित कमरे में सोने चला गया। सुबह दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने आसपास के लोगों को बुलाकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। कमरे के अंदर पंखे के हूक से रवि का शव लटका हुआ था। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन शुरू की।
एक दिन पूर्व रवि के घर के सामने की आभूषण दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में गायब किन्नर को रवि के घर पर जाते हुए देखा गया था, लेकिन बाहर निकलते हुए दिखाई नहीं दी। शंका पर पुलिस ने सुबह रवि से पूछताछ किया था, जिसका रवि ने टोल मटोल जबाब दिया था। रवि की आत्महत्या के बाद पुलिस को शक हुआ। घर से आ रही दुर्गंध पर परिजनों से कड़ाई से पूछताछ की गई। इसी बीच मकान के चौथी मंजिल के टीन शेड में रखे बक्से में प्लास्टिक की बोरी से रेखा किन्नर का शव बरामद हुआ। उसके सिर पर चोट के निशान थे।
कर्ज का पैसा वापस मांगने पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप
किन्नर बाबरी अंसारी की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार के करीब 12 से अधिक दुकानदारों को रेखा ने बिना ब्याज के 80 हजार से पांच, छह लाख रुपये तक की मदद की थी। सना किन्नर ने कहा कि दादा गुरु रेखा ने रवि गुप्ता को डेयरी की दुकान के लिए करीब पांच लाख रुपये से ज्यादा रकम दी थी। बार-बार मांगने पर भी नहीं देता था, उसी विवाद में दादा गुरु रेखा की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने गुमशुदगी के दूसरे दिन रेखा का मोबाइल रानीगंज बाजार के पूरब फाटक पर चाय की दुकान के पीछे झाड़ी से बरामद किया था।
पुलिस की चौकसी से शव को नहीं लगा पाया ठिकाने
रवि गुप्ता की आत्महत्या व उसके घर में छिपा कर रखे किन्नर रेखा के शव को लेकर कस्बे में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पैसों के विवाद में किन्नर की मौत के बाद रवि उसे ठिकाने न लगा पाने व पुलिस की सक्रियता बढ़ने व पूछताछ के बाद परेशान होने के बाद खुद को फंसता देख आत्महत्या कर लिया।