Ballia: बुजुर्ग को रौंद कर भाग रहे ट्रक ने सामने से आ रही पिकअप में मारी टक्कर, एक की मौत, तीन की हालत गंभीर
बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह ट्रक ने एनएच पार कर रहे बुजुर्ग को रौंद दिया। भागने के चक्कर में सामने आ रही पिकअप से जा टकराया। पिकअप सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ट्रक से कुचलने के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई।
विस्तार
यूपी के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। पिकअप और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में एक की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। ट्रक का चालक फरार हो गया।
हल्दी थाना क्षेत्र के दोपही अगरौली गांव निवासी विक्रमा साहू (60) शौच के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहे थे। इसी दौरान बैरिया से बलिया की ओर जा रहा ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। घटना के बाद चालक ने ट्रक की रफ्तार और तेज कर दी। इस चक्कर में बेकाबू ट्रक ने बलिया से बैरिया की ओर जा रही पिकअप में सामने से टकर मार दी। ट्रक की टक्कर से पिकअप हवा में उछलकर पलट गई।
पिकअप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें हल्दी थाना क्षेत्र के राजपुर एकौना गांव निवासी हीरालाल पासवान पुत्र स्वर्गीय रामप्रवेश पासवान, अजय पासवान पुत्र विजय शंकर पासवान, हल्दी के नवका गांव बबुरानी निवासी अभिषेक पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान विक्रमा साहू पुत्र गणेश साह की मौत हो गई। वहीं अभिषेक पासवान की हालत चिंताजनक देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। बाकी दो का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बुलेट की टक्कर से अधेड़ की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के दया छपरा ढाला पर रविवार देर शाम सब्जी खरीद कर घर जा रहे अधेड़ को बुलेट बाइक ने टक्कर मार दी। अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बैरिया थाना क्षेत्र के चिंतामणि राय के टोला पांडेपुर निवासी मैनेजर सिंह (55) रविवार की देर शाम दया छपरा से सब्जी खरीद कर घर जा रहे थे।
मछली बाजार के सामने बुलेट ने जोरदार टक्कर मार दी और भाग निकला। आनन-फानन ग्रामीणों ने घायल को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा भिजवाया और परिजनों को सूचना दी। अस्पताल में उपचार के दौरान मैनेजर सिंह ने दम तोड़ दिया। इससे अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
पढ़ें: गैस चूल्हा जलाते ही आग भड़की, सिलिंडर फटने से कमरा ढहा, महिलाओं-बच्चे समेत तीन घायल