UP: खेत में धमाके के साथ फटा ट्रैक्टर का इंजन, 54 बीघा गेहूं की फसल राख, 6 मड़हे व सामान नष्ट; रोने लगे किसान
निपानिया गांव के खेत में आग बढ़ती जा रही थी। एक के बाद एक मड़हे और खेत जलते रहे। किसान आंखों में आंसू लेकर आग को बुझा रहे थे। थोड़ी देर बात पहुंचे दमकल दस्ते ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विस्तार
बलिया के मनियर थाना क्षेत्र के निपानिया में भूसा बना रहा ट्रैक्टर गर्म होकर फट गया। इस दौरान उससे निकली चिंगारी से बगल के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे 26 से अधिक किसानों के 54 बीघा से अधिक खेत में खड़ी गेहूं की फसल जल कर राख हो गई।
इसके अलावा छह परिवारों के छह रिहायशी मड़हे और उसमें रखा घर गृहस्थी का सामान भी आग की चपेट में जल कर राख में तब्दील हो गया। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की चार गाड़ी आग बुझाने में लगी रही।
जानकारी के अनुसार, मनियर क्षेत्र के चंदायर निवासी संभारु यादव के खेत में महादेव यादव का ट्रैक्टर भूसा बना रहा था। इसी बीच, ट्रैक्टर गर्म होकर फट गया और उसमें आग पकड़ लिया। लोगों ने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने बगल के खेत में गेहूं के खड़ी फसल को अपनी जद में ले लिया और देखते-देखते आग निपानिया मौज में पहुंच गई।
मची चीख-पुकार
निपानिया मोजे में आग फैलने पर उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पछुवा हवा के थेपेड़ों से आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। पास स्थित संतोष यादव, वीरेंद्र यादव, रंजीत यादव, पंकज यादव, मन्नू यादव, सोनू यादव के रिहायशी मड़हे और उसमें रखें सारा सामान जलाकर राख कर दिया।
इसके पूर्व आग ने निपनियां मौजे में सत्यनारायण यादव के दो, सुरेश यादव के पांच, रामायण यादव के चार, अभय के दो, पारस के दो, मुन्ना व पारस के दो, लेखपाल के एक, बीरबल के एक, गुलाब यादव के दो, प्रशांत के एक, अजीबुल्लाह के एक, वीरेंद्र और लालन के दो बीघा, अरविंद यादव के दो, श्रीनिवास यादव के दो, यादव के चार, उपेंद्र यादव के दो, लल्लन के दो, अरविंद के दो, श्रीनिवास के दो, मनोज चौधरी के चार, शिवजी के तीन, लल्लन चौधरी के दो, मंटू लाल के दो और त्रिभुवन के दो बीघा समेत अन्य किसानों के खेत में खड़ी गेहूं की फसल जल कर राख हो गई है।