बलिया। कोतवाली पुलिस ने रविवार की रात धरीक्षण बाबा के पास स्थित मकान से दो बाइक चोरों को गिरफ्तार किया। एक चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 12 बाइकें बरामद कीं। एसपी डॉ. विपिन टाडा ने बताया कि मुखबिर से चौकी इंचार्ज ओक्डेनगंज अतुल कुमार मिश्रा, बिचला घाट चौकी प्रभारी रोहन राकेश सिंह को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति चोरी की 12 बाइकों के साथ धरीक्षण बाबा के पास बने खंडहर वाले मकान में मौजूद हैं। जिन्हें बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने उक्त स्थान पर घेराबंदी की तो खंडहर के अंदर 12 बाइकें खड़ी थीं। वहीं से दो व्यक्तियों को पुलिस ने पकड़ लिया। जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पकड़े गये व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम व पता विकास यादव पुत्र राज बिहारी यादव निवासी नियाजीपुर लालसिंह का डेरा थाना सेमरी जनपद बक्सर, बिहार तथा चितरंजन पांडेय पुत्र संजय पांडेय निवासी नियाजीपुर लालसिंह का डेरा थाना सेमरी जनपद बक्सर, बिहार बताया। दोनों ने बताया कि ये सभी मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। जिसे हम लोगों ने विभिन्न स्थानों से चोरी करके नंबर प्लेट बदल कर यहां लाकर एकत्र किया गया है, जिन्हें बिहार ले जाकर बेच देते। गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक अजय यादव, कृष्ण कुमार सिंह, आशुतोष सिंह, अजय कुमार यादव, सत्य प्रकाश सिंह, विपिन यादव, चन्द्रजीत यादव आदि कांस्टेबल रहे।