दया छपरा। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल द्वारा आयोजित ब्लॉक स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को दया छपरा पानी टंकी के मैदान पर किया गया। इसमें दया छपरा, दुबेछपरा, प्रसाद छपरा, नवका गांव, चक गिरधर मिल्की के युवाओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रमुख रूप से दौड़, कबड्डी, वॉलबाल आदि खेलों का आयोजन किया गया। खेलों में पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पाने वाले युवाओं को मेडल से सम्मानित किया गया। बालीबाल प्रतियोगिता में चक गिरधर की टीम विजेता रही। वहीं उप विजेता दया छपरा की टीम रही। कबड्डी प्रतियोगिता में दया छपरा की टीम विजेता व प्रसाद छपरा की टीम उप विजेता रही। 400 मीटर दौड़ में सुशील कुमार रजक प्रथम, पंकज कुमार सिंह द्वितीय व तीसरे स्थान पर लालबाबू सिंह रहे।
1500 मीटर दौड़ में विशाल कुमार पटेल प्रथम, सुशील कुमार रजक द्वितीय, रोहित कुमार पटेल तृतीय, 100 मीटर मे पंकज कुमार सिंह प्रथम, जेश कुमार पांडे द्वितीय, सोनू कुमार यादव तृतीय रहे। छोटे बच्चे की दौड़ 100 मीटर में आकाश कुमार ठाकुर प्रथम, सचिन कुमार यादव द्वितीय, सोनू राजभर तृतीय रहे। निर्णायक मंडल में शैलेश कुमार पाण्डेय (छोटू), ब्रजेश कुमार पाण्डेय (मुनु बाबा), अशोक कुमार यादव, किशुन पासवान रहे। इस मौके पर जिला युवा कल्याण अधिकारी महेन्द्र सिंह व रजनीश आदि रहे।