बलिया। पांच दिनों पहले हु्ई बारिश के बाद गुरुवार की भोर में एक बार फिर झमाझम बारिश शुरु हो गई। हालांकि रुक-रुक हो रही बारिश सुबह होते ही बंद हो गई। दिन में तेज धूप होने के कारण उमस से लोग बेहाल रहे। उधर, बारिश से कुछ देर के लिए जहां लोगों को राहत मिली वहीं आर्द्रा नक्षत्र में दूसरी बार बारिश होने से किसान के चेहरे खिल गए। बारिश से जहां-तहां हुए जलजमाव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद गुरुवार को तड़के बारिश शुरु हुई जो सुबह होने तक रुक-रुक कर होती रही। भोर में शुरु हुई बारिश जनपद के कोने-कोने में हुई। हालांकि सुबह होने के कुछ देर बाद बारिश तो बंद हो गई लेकिन कभी धूप व आसमान में बादल छाए रहे। पांच दिनों पहले हुई ते बारिश के चलते नमी के कारण खेत हो या गड्ढे व तालाब सभी लबालब हो गए। ग्रामीण इलाकों में गड़हियों व तालाबों पर अतिक्रमण व सफाई नहीं होने के कारण बरसात का पानी सड़कों पर ही बहने लगा। नगर के अधिकांश मुहल्लों में नालियां ओवरफ्लो करती रहीं और पानी गलियों व रास्ते पर ही बहता रहा लेकिन बारिश जल्द बंद होने से राहत मिली। इसके अलावा नगर के कई स्थानों कलेक्ट्रेट, तहसील परिसर आदि स्थानों पर जलजमाव हो गया। उधर, आर्द्रा नक्षत्र दूसरी बार हुई बारिश से किसान काफी खुश हैं। किसानों की मानें तो आर्द्रा नक्षत्र के तीन दिनों बाद खेती किसानी का काम शुरु किया जाता है ऐसे में इस बारिश के बाद अब धान की रोपाई करना आसान हो जाएगा।