{"_id":"68677663c626610ad40ff5cf","slug":"moharram-seventh-day-procession-in-ballia-grand-display-of-weapon-2025-07-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ballia News: मोहर्रम के सातवीं का गोल में भारी संख्या में शामिल हुए लोग, अस्त्र कलाओं का हुआ भव्य प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ballia News: मोहर्रम के सातवीं का गोल में भारी संख्या में शामिल हुए लोग, अस्त्र कलाओं का हुआ भव्य प्रदर्शन
Fri, 04 Jul 2025 12:06 PM IST
प्रगति चंद
अमर उजाला नेटवर्क, बलिया।
अमर उजाला नेटवर्क, बलिया।
Published by: प्रगति चंद
Updated Fri, 04 Jul 2025 12:06 PM IST
सार
डोमनपुरा मोहल्ला से जुलूस की शुरुआत देर रात करीब 11 बजे दारुल उलूम सरकारे आसी के प्रांगण से हुई। इस दौरान पुलिस प्रशासन की टीमें सतर्क रहीं।
विज्ञापन
जुलूस में शामिल लोग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मोहर्रम के दस दिवसीय पर्व के अंतर्गत गुरुवार की रात नगर के विभिन्न हिस्सों से सातवीं मोहर्रम का पारंपरिक गोल (जुलूस) निकाला गया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों लोगों ने शिरकत की और पारंपरिक अस्त्र कलाओं का शानदार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए गए थे।
विज्ञापन
डोमनपुरा मोहल्ला से जुलूस की शुरुआत देर रात करीब 11 बजे दारुल उलूम सरकारे आसी के प्रांगण से हुई। मोहल्ला मोहर्रम कमेटी के सदर इश्तियाक अहमद के नेतृत्व में निकला यह जुलूस चांदनी चौक, सोनार गली, जल्पा चौक, गांधी मोहल्ला, भीखपुरा होते हुए बढ़्ढा पहुंचा, जहां से यह दरगाह मैदान की ओर बढ़ा।
विज्ञापन
इसी क्रम में दूसरा जुलूस मोहल्ला बढ्ढा से निकला, जिसमें मिल्की मोहल्ला का जुलूस भी अपने परंपरागत मार्ग से होकर सम्मिलित हुआ। दोनों जुलूस एक साथ देर रात कर्बला पहुंचे और परंपरागत विधि से समाप्त हुए।
विज्ञापन
तीसरा जुलूस चेतन किशोर गांव से निकाला गया, जिसमें मैनापुर की सहभागिता रही। यह जुलूस भी निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए कर्बला में जाकर समाप्त हुआ। तीनों जुलूसों में विभिन्न मोहल्लों के हजारों लोग लाठी-डंडों से सुसज्जित होकर शामिल हुए। जुलूस के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लाठी, गदक्का और तलवारबाज़ी जैसी पारंपरिक अस्त्र कलाओं का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। पारंगत कलाकारों ने अपनी कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नातख्वानों की टोलियों द्वारा पढ़े जा रहे मर्सिए माहौल को और भावुक बना रहे थे।
इस बार डोमनपुरा में विशेष रूप से सजाया गया गेट आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस दौरान सैयद डॉ. मिन्हाजुद्दीन अजमली, कारी फिरोज, वसी अहमद, इलियास हाफिज, राजा मेंबर, बख्तियार खान, समीम खान, चेयरमैन प्रतिनिधि संजय जायसवाल, फैजी अंसारी, रईस अहमद, राकेश यादव, राकेश सिंह, मुजम्मिल भाई, मुमताज खां मेंबर, इम्तियाज अहमद मास्टर, एनुलहक, डॉ. सलाहुद्दीन, सुबहान, डॉ. नदीम, शेख अलीमुद्दीन, इमरान अंसारी, इनामुल खान, नौशाद अहमद समेत कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। जुलूस के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस रहा।
एडिशनल एसपी अनिल झा, उपजिलाधिकारी सुनील कुमार, क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार यादव, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह तथा चौकी प्रभारी ज्ञान प्रकाश तिवारी पूरी रात जुलूस के साथ डटे रहे। मार्ग में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी गई।