बलिया: ज्योति सिंह पहुंचीं एसपी कार्यालय, भोजपुरी यूट्यूबर पर अभद्र टिप्पणी करने का लगाया आरोप
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने शुक्रवार को बलिया एसपी कार्यालय पहुंचकर बिहार के एक यूट्यूबर के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने की शिकायत की। उन्होंने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। एएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही।
विस्तार
भोजपुरी अभिनेता और बिहार विधान परिषद सदस्य पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर बिहार के एक यूट्यूबर के खिलाफ शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि यूट्यूबर ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। ज्योति सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच भरण-पोषण को लेकर बलिया परिवार न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। बृहस्पतिवार को इस मामले में सुनवाई हुई थी, जिसमें ज्योति सिंह का बयान दर्ज किया गया था। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। इसे देखने के बाद ज्योति सिंह शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचीं और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
पवन सिंह पर भी लगाया उत्पीड़न का आरोप
ज्योति सिंह ने आरोप लगाया कि पवन सिंह की ओर से लगातार उनका उत्पीड़न कराया जा रहा है। सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी को भी उन्होंने इसी कड़ी से जोड़ते हुए इसके पीछे पवन सिंह का हाथ होने की आशंका जताई। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने कोई ठोस साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया है।
मीडिया के सवालों पर ज्योति सिंह ने कहा कि फिलहाल उन्हें इस मामले में कुछ नहीं कहना है। उन्होंने कहा कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई: एएसपी
एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि बिहार निवासी एक यूट्यूबर की ओर से सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी किए जाने की शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
