बैरिया। नवागत उपजिलाधिकारी सुरेश कुमार पाल ने सोमवार को हॉटस्पॉट इलाकों का निरीक्षण किया। कहा कि हॉटस्पॉट इलाकों में घर-घर दवा, सब्जी, फल एवं आवश्यक सामग्री की आपूर्ति तहसील प्रशासन की ओर से नामित दुकानदारों द्वारा कराई जाएगी।
हॉटस्पॉट क्षेत्र मिर्जापुर, दुर्जनपुर, पांडेयपुर आदि का दौरा करने के बाद उन्होंने मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया। उल्लेखनीय है कि 72 घंटे से नगर पंचायत इलाके में गैस सिलेंडर के साथ ही दवा, सब्जी, फल व किराने की सामानों की आपूर्ति ठप है। खासकर ब्लड प्रेशर, शुगर की नियमित दवा का सेवन करने वालों को भी दवा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। एसडीएम ने बीडीओ संतोष यादव और दुर्जनपुर के ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार यादव को निर्देश दिया कि गांव निगरानी समिति को सक्रिय करें और बाहर से आने वाले लोगों को तत्काल क्वारंटीन कर गांव को पूरी तरह से सैनिटाइज कराएं। उन्होंने गांव में आवश्यक वस्तुओं की होम डिलिवरी के लिए ग्राम प्रधान से दूध, सब्जी व किराना दुकानदार का नाम व मोबाइल नंबर मांगा। इस मौके पर नायब तहसीलदार रजत सिंह भी रहे।