बलिया। जिले के हर स्वास्थ्य केंद्रों पर बृहस्पतिवार को खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। जिला महिला चिकित्सालय में भी खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। इस अवसर पर दंपती को परिवार नियोजन के लाभ और विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। अब हर माह इस दिवस का आयोजन किया जाना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस में शामिल होने के लिए तीन समूहों को प्रोत्साहित किया गया है। पहले समूह में हाई रिस्क प्रेगनेंसी (एचआरपी) वाली महिलाएं जिसमें ऐसी महिलाएं होंगी जिनका प्रसव एक जनवरी 2020 के बाद हुआ है। दूसरे लक्षित समूह में एक जनवरी 2020 के बाद विवाहित दंपती और तीसरे समूह में ऐसे योग्य दंपती को शामिल किया गया है जिनके तीन या तीन से अधिक बच्चे हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य समुदाय में परिवार नियोजन की जागरूकता तथा स्वीकार्यता बढ़ाना है। इस अवसर पर जिले के हर स्वास्थ्य केंद्रों पर अंतरा गर्भ निरोधक इंजेक्शन, छाया गोली एवं परिवार नियोजन के अन्य साधन उपलब्ध रहे। इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में 30 नसबंदी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिलकहर में सात नसबंदी की गई। वहीं, रेवती में सीएचसी प्रांगण में प्रत्येक महीने चलने वाले खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन गुरुवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ धर्मेंद्र कुमार की देखरेख में किया गया। खुशहाल परिवार दिवस के मौके पर जुटी करीब तीन दर्जन महिला लाभार्थियों के बीच सीएचसी अधीक्षक ने परिवार को खुशहाल रखने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इस मौके पर डॉ रोहित रंजन, डॉ ममता पांडेय, एसएन तिवारी, अर्चना आदि रहे।