फेफना (बलिया)। मऊ-बलिया रेलखंड पर मंगलवार को एक मालगाड़ी का इंजन खराब हो जाने से गड़वार मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग करीब दो घंटे तक बंद रहा। इससे दोनाें तरफ वाहनों की लंबा जाम लग गया, वाहन चालक दो से चार किमी का चक्कर लगाकर दूसरे मार्ग से रवाना हुए।
मऊ रसड़ा की तरफ से आ रही मालगाड़ी जब गड़वार मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रही थी, उसी दौरान इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। चालक ने इंजन को चालू करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। मालगाड़ी के खड़ी रहने से रेलवे फाटक बंद रहा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लेते नजर आए, पैदल लोग ट्रेन के नीचे से जान जोखिम में डालकर गुजर रहे थे। सूचना मिलने पर मऊ से पहुंची टीम ने इंजन की खराबी को ठीक किया। इसके बाद मालगाड़ी रवाना होने पर क्राॅसिंग खुली तो लोगों ने राहत की सांस ली।