गंगा दशहरा: बलिया में भीषण जाम, यातायात संभालने में पुलिस के छूटे पसीने; घंटों बाद भक्तों को मिली राहत
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में भरौली गोलम्बर पर गाजीपुर मार्ग पर गाजीपुर जिले के कुंडेश्वर तक 25 किलोमीटर तक भरौली गोलम्बर से बक्सर जिले के बक्सर आरा मार्ग पर 35 किलोमीटर तक जाम लगा रहा।
विस्तार
Ganga Dussehra 2025: गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं की भीड़ और मुंडन संस्कार के चलते शहर सहित एनएच-31 व भरौली गोलंबर जाम से जूझता रहा। इससे तीखी धूप में लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करा पड़ा। शहर में महावीर घाट से लेकर संगम तट तक सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर बाद तक वाहन किसी तरह से सरकते रहे।
वहीं, शहर के जगदीशपुर से लेकर कुंवर सिंह जाम की स्थित बनती बिगड़ती रही। जाम के कारण तपती धूप में ट्रैक्टर ट्राली व पिकअप पर सवार लोग तपड़ जा रहे थे। खासकर मुंडन संस्कार में आई महिला व बच्चे शामिल रहे।
मझौंवा के हुकुमछपरा गंगा घाट पर मुंडन संस्कार कराने वालों का तांता लगा रहा। दूर-दराज से मुंडन संस्कार में आए लोगों के वाहन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शुक्लछपरा से दूबे छपरा तक लगभग 12 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। हल्दी पुलिस सुबह से दोपहर तक जाम हटाने में ही हांफती दिखी।
नरहीं के भरौली गोलम्बर से गाजीपुर मार्ग पर भीषण जाम लगा रहा। एनएच-31 पर 25 किमी, बक्सर एनएच 922 पर 35 किलोमीटर 12 घंटे तक भीषण जाम लगने से मुंडन संस्कार की सैकड़ों गाड़ियां उजियार, सरंयां, कुत्तुबपुर गांव की सड़कों को भी जाम के गिरफ्त में ले लिया। मुंडन संस्कार एवं गंगा दशहरा पर स्नान करने वाली महिलाओं को घंटों जाम में गुजारना पड़ा।
चिलचिलाती धूप में लोग पैदल चलने को मजबूर हो गए। उजियार घाट गंगा तट पर दोपहर 12 बजे तक पहुंचने का सिलसिला जारी है। गाजीपुर जिले में जाने वाली गाड़ियां ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस वे सड़क से आवागमन कर रही थी। शाम को चार बजे जाम धीरे-धीरे वाहन खिसकने लगे।
मुंडन संस्कार में पहुंचे नरही निवासी दिनेश राम ने बताया कि भरौली से उजियार घाट पहुंचने में 4 घंटे लगे हैं वह भी डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर जाना पड़ा। ट्रक चालक मनोज यादव, प्रमोद यादव, पंकज ने बताया कि कोईलवर से बालू लेकर गाजीपुर जाना है। उजियार तिराहे के पास पांच घंटे से खड़े हैं।
छोटी गाड़ियां 12 घंटे तक एन एच 31 पर जाम में रेंगती रही बक्सर आने जाने वाले यात्रियों मजबूर होकर पैदल चलना पड़ा। बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचने में यात्रियों को घंटों जाम में बिताना पड़ा। हालांकि उजियार तिराहे पर कोरंटाडीह चौकी प्रभारी गणेश पाण्डेय मौजूद रहे लेकिन जाम पुलिस पर भारी पड़ा।