बलिया। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों ने देश व्यापी रेल रोको अभियान के तहत बृहस्पतिवार को जापलिनगंज स्थित चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल से जुलूस निकाला। इस दौरान जुलूस रामलीला मैदान, एलआईसी मोड, मालगोदाम होते हुए रेलवे स्टेशन के प्रांगण में पहुंचकर नगर मजिस्ट्रेट नागेंद्र सिंह को छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में उल्लेख किया है कि किसान विरोधी कानूनों को तत्काल रद्द किया जाए। एमएसपी को कानूनी गारंटी दी जाए। कृषि लागत, सामग्री एवं उपभोक्ता सामानों और शिक्षा, चिकित्सा को सस्ता किया जाए। डीजल, पेट्रोल, गैस व बिजली के दामों को काम किया जाए। सभी ट्रेनें पुराने किराए पर चलाई जाए और उनका निजीकरण रोका जाए। स्थानीय ठेका मजदूरों को काम दिया जाए। सागरपाली रेलवे स्टेशन को पूर्ण स्टेशन का दर्जा बरकरार रखा जाए। इस मौके पर जनार्दन सिंह, लक्ष्मण पांडेय, शैलेंद्र, संतोष सिंह, बलवंत यादव, कृष्णदेव सिंह, अशोक कुमार पांडेय, अवधेश वर्मा, लालू तिवारी, जमाल अहमद, मुन्ना शर्मा, परमात्मानंद राय, अजय सिंह, सुनील कुमार, राजेंद्र राम, हरिंद्र आजाद, हरिनाथ राम आदि मौजूद रहे।