बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय एवं उससे सम्बद्ध महाविद्यालयों की सम सेमेस्टर परीक्षाएं 11 अप्रैल से शुरू हो गई हैं। इस परीक्षा में स्नातक-परास्नातक एवं डिप्लोमा स्तर के 35 हजार 957 छात्र व 48 हजार 511 छात्राएं शामिल हैं। इस प्रकार परीक्षा में कुल 84 हजार 468 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं।
परीक्षा में स्नातक के द्वितीय, चतुर्थ, छठवें एवं बीएससी (कृषि) के आठवें सेमेस्टर सहित परास्नातक के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के नियमित, बैक पेपर, अंक सुधार एवं भूतपूर्व परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन सुगम संचालन के दृष्टिगत तीन पालियों में किया जा रहा है। परीक्षा के पहले दिन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजीत कुमार गुप्ता ने किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रक्सा परीक्षा केंद्र सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। परीक्षा से जुड़े लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये। द्वितीय सेमेस्टर नियमित को छोड़कर शेष पाठ्यक्रमों से संबंधित परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड हो रहा है। द्वितीय सेमेस्टर के नियमित परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र विश्वविद्यालयीय समर्थ पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। कुलसचिव एसएल पाल द्वारा परीक्षा की सघन मानीटरिंग की जा रही है। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि नकल विहीन परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय पूर्णरूपेण कटिबद्ध है। इस दिशा में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गयी हैं।