फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ballia News ›   Eight people died in Ballia accident mother hanged herself after son death

UP: बलिया में हादसे...आठ लोगों की थम गई सांसें, बेटे की मौत के बाद मां ने लगाया फंदा; जानें पूरा मामला

Fri, 03 Oct 2025 10:58 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, बलिया।
अमर उजाला नेटवर्क, बलिया। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 03 Oct 2025 10:58 PM IST
सार

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में विभिन्न हादसे में आठ लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर विवाहिता की माैत के बाद हंगामा कर रहे परिजनों को भी समझाया गया।

विज्ञापन
Eight people died in Ballia accident mother hanged herself after son death
सुनील, पूजा और विनय की फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Ballia News: फेफना थाना क्षेत्र के नसीराबाद गांव में शुक्रवार को इकलौते बेटे की मौत से आहत मां बसंती देवी (60) का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।

विज्ञापन


नसीराबाद के ग्रामीणों ने बताया कि बसंती देवी पत्नी स्वर्गीय शारदानंद पांडेय का इकलौता पुत्र मनोहर पांडेय बीएसएफ में तैनात था। चंडीगढ़ में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को मौत हो गई। मौत की खबर पर मां बसंती देवी को सदमा लग गया। शनिवार की सुबह बेटे का शव गांव में दाह संस्कार के लिए आएगा। बेटे की मौत से आहत मां बार-बार यहीं कहतीं रहीं कि जब बेटा ही नहीं रहा तो आखिर मैं अब जी कर क्या करूंगी। परिजनों ने समझाया बुझाकर शांत किया था।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार की रात में परिवार के सभी सदस्यों के सो जाने के बाद बसंती देवी कमरे में चल गईं। सुबह कमरे में फंदे से शव लटकता देख परिवार वाले सकते में आ गए। परिजनों ने बताया कि अब मां व बेटे का एक साथ दाह संस्कार किया जाएगा। इस बाबत थाना प्रभारी विश्वदीप सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

प्रसूता की मौत, महिला चिकित्सक पर केस दर्ज
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण मानक विहीन निजी अस्पताल में एक और प्रसूता की मौत हो गई। 24 घंटे बाद भी विभाग ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के न्यू दीप लोक निजी अस्पताल में सिजेरियन से प्रसव के दौरान प्रसूता पूजा चौरसिया 28 वर्ष की मौत हो गई। पति की तहरीर पर पुलिस ने डॉ. रश्मि राय पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

सदर कोतवाली के अमृतपाली निवासी नीरज चौरसिया ने दी तहरीर में आरोप लगाया कि मेरी पत्नी पूजा चौरसिया को दूसरी डिलेवरी के लिए मायका मासूमपुर गई थी। 22 अगस्त को पूजा ने अपनी रिपोर्ट डॉक्टर रश्मि राय को दिखाई। उन्होंने छह-सात दिन में दर्द होने पर आकर दिखाने के लिए कहा था। 

डॉक्टर ने नाॅर्मल डिलेवरी की बात कही थी। एक अक्तूबर को दर्द होने पर पत्नी पूजा निजी अस्पताल पर पहुंचीं। डॉक्टर रश्मि राय ने हालत गंभीर बताकर ऑपरेशन से प्रसव कराया। कुछ देर बाद ज्यादा ब्लीडिंग होने पर डॉक्टर दोबारा ओटी में ले गई। 

हमलोग तबीयत खराब होने पर बार-बार रेफर करने की गुहार लगा रहे थे लेकिन चिकित्सक ने कहा कि सब ठीक है। कुछ देर बाद मुझे बताया कि पूजा को हार्ट अटैक आ गया है, इससे मौत हो गई। नीरज ने लापरवाही से ऑपरेशन के दौरान नस काटने के कारण ज्यादा खून गिरने से मौत का आरोप लगाया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने कहा कि मृतका के पति की तहरीर पर महिला चिकित्सक पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Eight people died in Ballia accident mother hanged herself after son death
युवक की माैत के बाद बिलखते परिजन। - फोटो : अमर उजाला

गंगा में डूबने से युवक की मौत
बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर कन्हई ब्रह्म बाबा स्थान के समीप बृहस्पतिवार को वीरेंद्र यादव (47) गंगा में स्नान करते समय डूब गए। सूचना पर घटनास्थल पर एनडीआरएफ की टीम पहंुची। 24 घंटे के बाद शुक्रवार की सुबह युवक का शव नदी में उतराया मिला। चिरैयामोड़ निवासी वीरेंद्र यादव गोपालपुर कन्हई ब्रह्म बाबा स्थान के समीप गंगा घाट पर दशहरा पर गंगा स्नान कर रहे थे। पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गए। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ को मौके पर बुलाया। हालांकि एनडीआरएफ की टीम वीरेंद्र की तलाश नहीं कर सकी। दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह घटनास्थल से कुछ दूरी पर नदी में शव उतराया मिला। वीरेंद्र यादव के तीन पुत्रियां व एक बेटे के अलावा पत्नी मीरा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। नायब तहसीलदार रजनीश सिंह ने उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया ने बताया कि गंगा स्नान करते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। 

विषाक्त पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत
नगरा थाना क्षेत्र के मउरहा गांव में 30 वर्षीय विवाहिता आरती देवी की विषाक्त पदार्थ खाने से मौत हो गई। मऊरहा गांव निवासी मिट्ठू शाह की पत्नी आरती देवी (30) मंगलवार की सुबह विषाक्त पदार्थ खा लेने से अचेत हो गईं। परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में बिहार के बक्सर जिले के चक्की थाना क्षेत्र के चक्की रंगी डेरा निवासी भाई पिंटू शाह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया है।

पुलिस को दी तहरीर में उसने आरोप लगाया कि उनकी बहन से देवर चंदन शाह का साला दुबहड़ थाना क्षेत्र के कछुआ रामपुर निवासी शुभजीत मोबाइल पर बात करता था। बहन ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद भी दिसरे नंबरों से फोन कर वह परेशान करता था। इससे क्षुब्ध होकर 30 सितंबर बहन ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है। 

ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
सहतवार थाना क्षेत्र के सुरहिया (धरवार गांव) के सामने बृहस्पतिवार की रात रेवती से मेला देखकर घर लौट रहे बाइक सवार सुनील यादव (35) की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रक को थाना लेती गई।

बांसडीह कोतवाली के जयनगर निवासी सुनील यादव बाइक से दशहरे का मेला घूमने रेवती गए थे। मेला देखकर देर शाम अपने घर जयनगर जा रहे थे। सहतवार से आगे सुरहिया (धरवार गांव) के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

बड़ी बहन के साथ मेला देखने जा रहे भाई की सड़क हादसे में मौत
नरहीं थाना क्षेत्र के सरायकोटा गांव निवासी विकास यादव गुरुवार को करीमुद्दीनपुर गांव से बड़ी बहन नेहा के साथ विजयदशमी का मेला देखने बाइक से जा रहा था। करीमुद्दीनपुर थाना के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर पिकअप ने टक्कर मार दी। विकास की मौके पर मौत हो गई। 

बड़ी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजवा दिया। सरायकोटा गांव निवासी विमलेश यादव ने बताया कि मेरा बेटा विकास यादव (18) गुरुवार को करीमुद्दीनपुर गांव से बड़ी बहन को बाइक पर बैठाकर दशहरे का मेला दिखाने जा रहा था। बीच रास्ते में हादसा हो गया। बड़ी बहन नेहा का इलाज वाराणसी में चल रहा है। 

करंट लगने से मवेशी की मौत
रेवती क्षेत्र के चौबे छपरा गांव में बिजली के खंभे के सपोर्ट के लिए लगाए गए तार में आए करंट की चपेट में आने से गुरुवार की सुबह कमलेश यादव की मवेशी की मौत हो गई। कमलेश ने बताया कि घर के बाहर मवेशी को बांधा गया था। किसी प्रकार बंधन से मुक्त होकर मवेशी घर के पास स्थित खंभे से स्पर्श कर गई। खंभे को छूते ही मवेशी की जान चली गई। बिजली के तार की जर्जर स्थिति से कई बार निगम को अवगत कराया गया था। निगम के लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। निगम से मुआवजे की मांग की गई है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed