इंदरपुर। छठ महापर्व को देखते हुए नगरा बाजार में फल, फूल, मिट्टी के बर्तन, सुपली-दउरा एवं पूजन सामग्रियों की दुकानें सज गई हैं। खरीदारी के लिए देहात से लोगों के आने से बाजार में चहल पहल बढ़ गई है।
चार दिनों से शुरू होने वाले छठ महापर्व नगरा क्षेत्र में मुख्यतः दो दिन ही मनाया जाता है। बाजार में दउरा की कीमत 250 है वहीं सुपली 100 की बिक रही है। पिछले साल की अपेक्षा कुछ सामान के भाव इस वर्ष काफी बढ़ गया है। कुछ लोग पीतल की सुपली आदि की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में छठ पूजा में उपयोग होने वाले नारियल, अन्नानास, गन्ना, बड़ा नींबू, हल्दी, अदरक, सहित साठी के चावल, चिउरा, उलवा, जनेरा का लावा, महावर, मिट्टी की कोसी, दीया, ढकनी सहित सभी प्रकार के फलों की दुकानें सजी हुई हैं। नगरा बाजार क्षेत्र का काफी पुराना बाजार है, यहां छठ महापर्व पर फल आदि दुकानें मुख्य मार्गों के किनारे ही सजती हैं।