बलिया में बंधक बनाए युवक को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर हमला, पैसे के लेनदेन में पेट्रोल पंप से युवक के अपहरण का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के इंदरपुर स्थित पेट्रोल पंप से बंधक बनाए गए भरथीपुर निवासी अभिषेक (20) को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर करीब 20 लोगों ने हमला कर दिया। पथराव में स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने अतिरिक्त फोर्स मंगा कर बंधक बनाए गए युवक को मुक्त कराया। घटना सोमवार की देर रात की है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पीड़ित युवक की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ बंधक बनाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोमवार की दोपहर अभिषेक का इंदरपुर स्थित पेट्रोल पंप से बंधक बना लिया गया था। सूचना पर ताखा चौकी प्रभारी फोर्स के साथ रेखहां व गोपालपुर गांव पहुंचे तो पता चला कि अभिषेक ने नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लिए थे और नौकरी नहीं लगवा पाया था। लोगों के पैसा मांगने पर वह आनाकानी कर रहा था। इस पर उन लोगों ने उसे पेट्रोल पंप से उठा लिया।
अपहरण के आरोप में सोमवार की देर रात रेखहां व गोपालपुर के चार लोगों को पकड़ कर पुलिस थाने ले जाने लगी तभी गांव के15-20 लोग जुट गए और पकड़े गए लोगों को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में पुलिस की स्कार्पियो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
चौकी प्रभारी की सूचना पर गड़वार और सुखपुरा थाने की फोर्स भेजी गई। पुलिस के दबाव में अपहरणकर्ताओं ने युवक को पुलिस के हवाले किया। अपहर्ताओं से मुक्त होने के बाद अभिषेक ने छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले में बंधक बनाने का मुकदमा दर्ज किया है।
अभिषेक को उठाने व स्कार्पियो को क्षतिग्रस्त करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। पैसे के लेनदेन में युवक का बंधक बनाया गया था। उसे सोमवार की देर रात मुक्त करा लिया गया है।
राजीव सिंह, एसएचओ, थाना गड़वार