बलिया। लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी सहित 20 जिलों की कचहरी में बम विस्फोट करने की धमकी भरे मेल से हड़कंप मचा है। छुट्टी के बाद कोर्ट खुलने पर कचहरी की सुरक्षा सख्त रही। कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था अन्य दिनों के अपेक्षा कड़ी रही। न्यायालय के दूसरे गेट से वकीलों के अलावा वादकारियों की इंट्री हुई। जांच के लिए गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी के अलावा बैग स्कैनर व मेटल डिटेक्टर से जांच की।
सोमवार को छुट्टी के बाद दीवानी न्यायालय खुला। अधिवक्ता भी अपने चेंबर में पहुंचकर वादकारियों से बात करने में मशगूल थे। तभी जानकारी मिली कि आजमगढ़ कचहरी को उड़ाने की धमकी मिली है, इसको लेकर कचहरी परिसर में गहमा गहमी देखने को मिली। सुरक्षा के मद्देनजर सीओ सिटी उस्मान, कोतवाल क्षितिज, न्यायालय परिसर की सुरक्षा में तैनात राकेश सिंह दलबल के साथ परिसर में चक्रमण कर अधिवक्ताओं से मिलकर सुरक्षा को आश्वस्त किया। परिसर में हर आने जाने की जांच के बाद ही प्रवेश मिला, कुछ अधिवक्ताओं व सुरक्षाकर्मी के बीच कहासुनी तक हुई। हर कक्ष, रिकॉर्ड रूम और आने जाने वाले कि सीसी कैमरे से निगरानी होती रही, कंट्रोल रूम में बैठे जवान अलर्ट रहे। न्यायालय परिसर के बाहर भी पुलिस वर्दी व सादे वेश में चक्रमण करती रही। खड़े वाहनों को हटाया। इस संबंध में एसपी दक्षिणी कृपाशंकर ने कहा कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा को लेकर पुलिस के अलावा पीएसी 24 घंटे मुस्तैद रहती है। एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर की जांच की जा रही है।