एक साथ चलीं चार चिताएं: नौकरी की खुशी में पार्टी का किया था प्लान, दोस्ती का ऐसा अंत देख रो पड़ा पूरा गांव
बलिया में नौकरी की खुशी में पार्टी करने जा रहे चार दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। चारों दोस्तों का अंतिम संस्कार एक साथ हुआ तो पूरा गांव रो पड़ा। परिवार में मातम पसरा रहा।
विस्तार
बलिया जिले में जिस गांव में चार दोस्तों के घर लौटने का इंतजार हो रहा था, रविवार की रात वहां एक साथ चार अर्थियां पहुंचीं तो पूरा गांव फफक पड़ा। रात करीब आठ बजे चारों युवकों के शव गौवापार पहुंचे तो घरों से महिलाओं के विलाप की आवाजें उठने लगीं। कोई बेटे का चेहरा देखकर बेसुध हो रहा था तो कोई बार-बार शव से लिपटकर उसे पुकार रहा था। जिन दोस्तों ने साथ मिलकर जिंदगी जीने के सपने देखे थे, उनकी अंतिम विदाई भी एक साथ हुई। छह माह बाद हुआ मिलन जिंदगी भर की जुदाई बन गया।
कुछ देर बाद जब चारों दोस्तों की अर्थियां एक साथ गांव से निकलीं तो हजारों लोगों का हुजूम अंतिम विदाई देने उमड़ पड़ा। रात करीब 10 बजे तुर्तीपार स्थित सरयू तट पर चारों दोस्तों की चिताएं एक साथ जलीं। सभी के पिता ने अपने कलेजे के टुकड़ों को मुखाग्नि दी। एक साथ उठीं चार चिताओं ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।
सड़क हादसे में गई चारों की जान
नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह मोड़ के समीप शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान, गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल की मौत हो गई थी। नौकरी मिलने की खुशी में दोस्तों ने पार्टी करने की योजना बनाई थी। अभिषेक के सामने दोस्तों ने पार्टी की इच्छा जताई तो उसने भी हामी भर दी। इसके बाद कुछ दोस्त दो कारों में सवार होकर नगरा के लिए निकले।
मालीपुर के नौरंगिया चट्टी पर नाश्ता करने के बाद उनका सफर आगे बढ़ा, लेकिन निछुआडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दैत्यराज बाबा स्थल के सामने ताड़ के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
नौकरी और पढ़ाई के सिलसिले में चारों दोस्त अलग-अलग रहते थे। करीब छह माह बाद छठ महापर्व पर गांव लौटने के बाद उन्हें एक साथ समय बिताने का मौका मिला था। लंबे अंतराल के बाद मिले दोस्तों में ऐसा उत्साह था कि वे हर पल को यादगार बनाना चाहते थे। हंसी-मजाक, मिलना-जुलना और साथ घूमने की योजनाएं बन रही थीं। अभिषेक को नौकरी मिलने की खबर से दोस्तों में उत्साह था। इसी खुशी को साझा करने के लिए पार्टी की योजना बनी थी। किसी ने नहीं सोचा था कि साथ निकले दोस्तों का यह सफर आखिरी साबित होगा।
