बैरिया। निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के कर्मियों ने सोमवार की रात एनएच-31 से रेवती मार्ग को जोड़ने वाला टेंगरही डेरा चकिया मार्ग को मिट्टी पाटकर बंद कर दिया। सुबह ग्रामीणों ने देखा कि पक्की सड़क पर लगभग पांच फीट ऊंची मिट्टी डाल दी गई है। ग्रामीणों की सूचना पर सपा के वरिष्ठ नेता विनायक मौर्य व प्रदेश सचिव संजय मिश्र मौके पर पहुंच गए। सभी ग्रामीणों के साथ निर्माण स्थल पर धरने पर बैठ गए। इसके चलते ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य रुक गया।
इसके बाद ग्रीनफील्ड व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वे धरने पर बैठे लोगों को शांत कराने लगे। इसके बाद अधिकारियों ने मिट्टी को सड़क से हटवाया। इसके बाद आवागमन चालू हो सका। विनायक मौर्य ने बताया कि 2024 में ग्रामीणों की मांग पर तत्कालीन परियोजना प्रबंधक एसपी पाठक ने इस मार्ग पर अंडर पास बनवाने का भरोसा दिया था। लेकिन वह लिखापढ़ी में नहीं था। इसके बाद यह मिट्टी भर दी गई। इस संदर्भ में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यहां अंडर पास बनाने की व्यवस्था नहीं है। इसके लिए सांसद की एनएचएआई के बड़े अधिकारियों से बात कराइए। संजय मिश्र ने सांसद सनातन पांडेय से बात की और अधिकारियों से भी बात कराई। सांसद ने भरोसा दिया कि अधिकारियों और मंत्री नितिन गडकरी से भी बात करेंगे। इस दौरान विनायक मौर्य, संजय मिश्र के अलावा रमेश वर्मा, छतेश्वर वर्मा, रामजी यादव, रामप्रवेश वर्मा आदि रहे।