फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bahraich News ›   Today is your day, go to the booth...choose your government

Bahraich News: आज आपका दिन, बूथ पर जाएं...चुनें अपनी सरकार

Mon, 13 May 2024 02:30 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच Updated Mon, 13 May 2024 02:30 AM IST
विज्ञापन
Today is your day, go to the booth...choose your government
बहराइच के गल्लामंडी से ईवीएम लेकर बूथों की ओर रवाना होते मतदान कर्मी
लोकतंत्र का आज महापर्व है। ...आज आपकी बारी है। बूथ पर जाएं और अपनी जिम्मेदारी निभाएं। अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट देकर जिले की तकदीर व तस्वीर संवारें। ध्यान रहे, आप लोकतंत्र के संरक्षक हैं इसलिए मतदान जरूर करें। हर एक वोट जरूरी है। आपका वोट लोकतंत्र को मजबूत करेगा। गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं हैं। इसलिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। मतदाता अपनी पहचान के लिए एक फोटोयुक्त शासकीय परिचय पत्र भी साथ ले जाएं, जिससे उन्हें मतदान करने में कोई दिक्कत न हो। मतदान सुबह ७:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चलेगा।
विज्ञापन


आंकड़ों पर एक नजर...
मतदाता- 1825673, मतदान केंद्र- 880, मतदेय स्थल-1885, क्रिटिकल मतदेय स्थल- 320, नेटवर्क विहीन- 21, पोलिंग पार्टी- 1885, रिजर्व पोलिंग पार्टी- 192 सुपरवाइज़र 174, जोनल ऑफिसर 16, सेक्टर ऑफिसर-131, माइक्रो आब्जर्वर- 131 व रिजर्व माइक्रो आब्जर्वर- 28
विज्ञापन



बैंड-बाजे के बीच रवाना हुईं 1885 पोलिंग पार्टियां
संवाद न्यूज एजेंसी

बहराइच। लोकसभा सामान्य निर्वाचन क्षेत्र बहराइच के मतदान को लेकर कड़ी धूप के बीच रविवार को पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना की गईं। पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल नवीन गल्ला मंडी सलारपुर में सुबह से ही मतदान कार्मिकों की भारी भीड़ जमा रही। सुबह 9:00 बजे के बाद से पार्टियां बूथों को रवाना होना शुरू हुईं और यह सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। इस दौरान कड़ी धूप के चलते मतदान कार्मिकों खासकर महिलाओं को परेशानी हुई। वहीं नेटवर्क की कमी व कार्मिक वाहनों को ढूंढ़ने में भी मतदान कार्मिकों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार को मतदान होना है।
विज्ञापन
विज्ञापन


लोकसभा क्षेत्र बहराइच के लिए पांच विधानसभाओं के 1885 मतदेय स्थलों पर सोमवार की सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू होगा। जिसको लेकर रविवार को नवीन गल्ला मंंडी स्थल से सभी 1885 पोलिंग पार्टियों को मतदान स्थल के लिए रवाना किया गया। पहली बार मतदान कार्मिक बने युवा कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कड़ी धूप भी मतदान कार्मिकों के हौसले को तोड़ नहीं पाई और सुबह से पोलिंग पार्टियों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया।
कार्मिकों की हौसलाफजाई के लिए गल्ला मंडी परिसर रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजा नजर आया। वहीं गेट पर ड्रेस में मौजूद वादक बैंड बाजा व ढोल-नगाड़ा बजाकर उनकी हौसलाफजाई करते दिखे। वहीं डीएम मोनिका रानी, एसपी वृंदा शुक्ला भी लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भ्रमणशील रहीं और लगातार कार्मिकों का हौसला बढ़ाती रहीं। इस दौरान सामान्य प्रेक्षक अनिल राज राय भी मौजूद रहे और पल-पल की जानकारी लेते रहे।


कार्मिकों को नेटवर्क ने खूब छकाया, साथियों को ढूंढ़ते रहे कर्मी
पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल पर कुछ मोबाइल कंपनियों में नेटवर्क कमजोर रहे। जिसके चलते कार्मिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। रवानगी स्थल पर अपने साथी कर्मचारियों को ढूंढ़ने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। मतदान ड्यूटी करने आए कर्मी मनीष कुमार, लक्ष्मी, रमेश आदि ने बताया कि वह करीब एक घंटे से साथी मतदान कार्मिकों को ढूंढ़ रहे हैं, लेकिन फोन नहीं मिल रहा और न ही मेसेज सेंड हो रहा।


कार्मिक वाहनों को ढूंढ़ने में छूटे पसीने
मतदान को लेकर कार्मिक उत्साह से भरे रहे, लेकिन कड़ी धूप के बीच कार्मिक वाहनों को ढूंढ़ने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। महिला व पुरुष कार्मिकों को उनकी पोलिंग पार्टी को एलाट वाहन को ढूंढ़ने में कई चक्कर लगाने पड़े। कार्मिकों की मानें तो कई वाहन निर्धारित जगह पर नहीं खड़े हैं, जिससे परेशानी हुई।


मातृत्व के साथ दिखा जिम्मेदारी का जज्बा
पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल पर मातृत्व प्रेम की कई झलकियों देखने को मिलीं। जहां कई महिलाओं को चिलचिलाती धूप में गोद में छोटे-छोटे बच्चों को व साथ में मतदान सामग्री लिए देखा गया। इस दौरान महिलाओं को कभी मतदान सामग्री तो कभी बच्चों को संभालते देखा गया। वहीं इस जिम्मेदारी में पिता भी पीछे नहीं रहे और कइयों को अपनी पत्नी के साथ व बच्चों को खुद के कंधे पर संभाले देखा गया।


बुखार से पीड़ित बेटे को लेकर पहुंची जिम्मेदारी निभाने
पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल पर कुछ महिलाएं ऐसी भी रहीं, जिन्हें कारण बताने पर भी ड्यूटी से छुट्टी नहीं दी गई। ऐसी ही एक महिला प्रिया भी रहीं, जिन्होंने बताया कि उनके बेटे की तबियत नहीं ठीक है, जिसकी जानकारी देते हुए ड्यूटी से छूट की मांग की गई, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। जिसके चलते वह बुखार से पीड़ित बेटे को लेकर मतदान की जिम्मेदारी निभाने आई हैं।


कड़ी धूप में मतदान अधिकारी प्रथम की बिगड़ी तबियत
रवानगी स्थल पर जिम्मेदारी निभाने पहुंची मतदान अधिकारी प्रथम मारिया की कड़ी धूप के चलते अचानक तबियत खराब हो गई। जिसकी सूचना पर उन्हें तत्काल एंबुलेंस से इलाज के लिए भेजवाया गया। बताया जाता है कि मारिया की तैनाती नैनिहा गांव के बूथ पर है।



880 मतदान केंद्रों के 1885 बूथों पर मत डालेंगे 1825673 मतदाता

बहराइच लोकसभा सीट के पांच विधानसभाओं में सकुशल मतदान के लिए कुल 880 मतदान केंद्र और 1885 बूथ बनाए गए हैं। जहां आज सुबह 1825673 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सकुशल मतदान के लिए 2077 पोलिंग पार्टियां बनाई हैं। जिनमें से 1885 को मतदान केंद्रों पर भेजा गया है, वहीं 192 को अपरिहार्य स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व में रखा गया है। यही नहीं 174 सुपरवाइजर, 16 जोनल ऑफिसर, 131 सेक्टर ऑफिसर, 131 माइक्रो ऑब्जर्वर, 28 रिजर्व माइक्रो ऑब्जर्वर समेत जिले के लगभग सभी अधिकारियों की तैनाती की गई है।

आज बंद रहेंगे सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान
सकुशल निर्वाचन संपन्न करवाने के लिए डीएम मोनिका रानी ने आज मतदान के दिन सोमवार को बंदी दिवस के रूप में घोषित किया है। डीएम मोनिका रानी ने बताया कि सभी दुकानें व वाणिज्यिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहेंगे।


पेयजल व साफ-सफाई में तैनात रहे नपाप के 50 कर्मी सलारपुर स्थित गल्लमंडी में पोलिंग पार्टियों व अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए नगर पालिका की ओर से शुद्ध पेजयल की व्यवस्था कराई गई थी। पेयजल व्यवस्था व परिसर की साफ-सफाई के लिए पालिका प्रशासन ने सफाई निरीक्षक सुरेश गोविंद मिश्रा की अगुवाई में 50 कर्मियों को तैनात किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed