बिछिया। कतर्नियाघाट रेंज में बुधवार सुबह बिशुनटाड़ा गांव के पास मगरमच्छ ने खेत जा रही कुंवारी (60) को दौड़ा लिया। कुंवारी ने भागकर जान बचाई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। यह मगरमच्छ सुजौली-गिरिजापुरी मार्ग पर मीना रिजॉर्ट के सामने पुलिया में दो-तीन दिनों से दिख रहा था। बुधवार सुबह करीब सात बजे पुलिया के पास पहुंचते ही मगरमच्छ कुंवारी की ओर बढ़ा। उन्होंने शोर मचाते हुए दौड़ लगाई और सुरक्षित बच निकलीं।
सूचना पर रेंजर आशीष गौड़ के निर्देश पर वन रक्षक संतोष कुमार, वाचर संजय और सुनील मौके पर पहुंचे। टीम ने पुलिया का निरीक्षण कर मगरमच्छ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से जलभराव, पुलियों और नालों के पास न जाने, अकेले खेतों में काम करने से बचने तथा मगरमच्छ दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।