बड़ौत (बागपत)। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले महिला को बंधक बनाकर पीटा। बाद में दो बच्चियों के साथ उसको घर से निकाल दिया। पीड़िता ने शुक्रवार को कोतवाली पर तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता सितारा पुत्री अजमुदीन सेक्टर-19 द्वारिका, दिल्ली की रहने वाली है। उसकी शादी वर्ष 2013 मेें बिजरौल गांव निवासी आरिफ से हुई थी। बताया कि शादी के कुछ दिनों तक तो सब ठीकठाक चलता रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करने लगे। कई बार उन्हें रुपये भी दिए और एक बाइक भी दी, लेकिन अब फिर से दो लाख रुपयों की मांग कर रहे हैं। विरोध करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे बंधक बनाकर मारपीट की। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।