खेकड़ा शहर की गलियां होगी गड्ढा मुक्त
खेकड़ा (बागपत)। नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में बुधवार को खेकड़ा की गलियों के नवनिर्माण का कार्य शुरू हो गया। पालिकाध्यक्ष संगीता धामा ने एसडीएम दुर्गेश मिश्रा की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित करने के साथ ही नारियल तोड़कर नव निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
बरसात का मौसम समाप्त होते ही टूटे फूटे नाली, खड़ंजा दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को नगर पालिका चेयरपर्सन संगीता धामा ने उपजिलाधिकारी दुर्गेश मिश्रा की उपस्थिति में शहर के मोहल्ला औरंगाबाद में नव निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि खेकड़ा शहर क्षेत्र की सभी जर्जर हाल गलियों, नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए सभासदों और आम नागरिकों से प्रस्ताव मांगे हैं। सर्वाधिक खराब स्थिति वाली गलियों का निर्माण पहले कराया जाएगा। टूटी हुई नाली के किनारे व जर्जर हाल पुलिया दुरुस्त की जाएगी। उद्घाटन के समय ईओ अनिल पंडित, प्रतिनिधि अंकुर धामा, संजय धामा, नीशू राठी, प्रेम त्यागी, जयबीर सिंह, शंकित धामा आदि रहे।