थाने में कराया प्रेमी युगल का निकाह
बिनौली (बागपत)। पुलिस ने शनिवार को थाने पर ही एक प्रेमी युगल का निकाह कराया। परिजन, पुलिस कर्मचारियों सहित गांव के गणमान्य लोग इस निकाह के साक्षी बने।
प्रेमी युगल दोझा गांव का रहने वाला है। शनिवार को रजिया पुत्री एहसान थाने पहुंची और पुलिस को गांव के ही मोहम्मद परवेज पुत्र महबूब अली से प्रेम संबंध होने की बात बताई। कहा कि वे दोनों शादी करने के इच्छुक है लेकिन परिजन राजी नहीं हो रहे। इस पर पुलिस ने तुरंत दोनों के परिजनों को थाने बुलाया। सूचना पर गांव व क्षेत्र के सम्मानित व्यक्ति भी थाने आ गए। इसके बाद इंस्पेक्टर बिनौली रवेंद्र सिंह व सम्मानित लोगों के प्रयास से प्रेमी युगल को वैवाहिक संबंध में बांधने की सहमति बनी। बड़ी मस्जिद बिनौली के मौलवी मोहम्मद नईम को बुलाया गया। थाना परिसर में बनी मस्जिद में परिजनों व सम्मानित लोगों के बीच प्रेमी जोड़े का निकाह कराया गया। इसके बाद युवती अपने पति के साथ उसके घर चली गई। प्रेमी जोड़े का थाने में निकाह कराने पर क्षेत्र के लोगों ने इंस्पेक्टर की प्रशंसा की है। निकाह के दौरान एसएसआई मुनेंद्र सिंह, एसआई मोहम्मद उवैश ब्रजपाल सिंह, पूर्व प्रधान वेदपाल धामा, नसीम प्रमुख, अनीस, संजय त्यागी, किरणपाल, केपी भाटी आदि मौजूद रहे।