करंट से मजदूर की मौत
अमीनगर सराय रोड से गुजरने वाली जर्जर एचटी लाइन का तार शुक्रवार की दोपहर टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। तारों से चिंगारियां उठने लगी और फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूरों को करंट के झटके लगे। विद्युत उपकरण भी जल गए। इसी दौरान स्पीकर किट बनाने वाली एक फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर यशपाल (45) पुत्र ओमप्रकाश निवासी काशी राम कालोनी की करंट लगने से मौत हो गई।
सूचना पर परिजन और कालोनी वासी वहां पहुंचे तो फैक्ट्री मालिक भाग निकला। इससे गुस्साए परिजनों ने शव को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने बताया कि यशपाल की पत्नी रेखा की गत वर्ष बीमारी से मौत हो गई थी। उसके तीन बच्चे 13 वर्षीय रवि, 8 वर्षीय ज्योति और 4 वर्षीय शिवा है।
आधा घंटे बाद एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव, सीओ सीपी सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। कहा कि परिजनों को फैक्ट्री मालिक, बिजली अधिकारियों और शासन से मुआवजा दिलवाया जाएगा। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीओ सीपी सिंह ने बताया कि अभी तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। फैक्ट्री मालिक से यशपाल के परिजनों से बातचीत चल रही है।