बैंडबाजों के साथ निकाली गई श्रीजी की रथयात्रा
बागपत, अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे में जैन समाज की ओर से मंगलवार को भगवान महावीर की बैंडबाजे के साथ रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा जैन मंदिर से शुरू होकर कस्बे के मार्गों से होते हुए मंदिर पर ही संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
रथयात्रा के स्वागत के लिए कस्बे में दो दर्जन स्वागत द्वार बनाए गए, जहां समाज के श्रद्धालुओं ने यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा में बैंड, झांकियां, कीर्तन-भजन मंडली शामिल रही। यात्रा में श्रद्धालु बैंडबाजे और डीजे की धुनों पर नृत्य करते चल रहे थे। यात्रा से पूर्व मंदिर परिसर में बोली का आयोजन किया गया। इसमें भगवान महावीर को गोद में लेकर बैठने, सारथी, सौधर्म इंद्र, चवर आदि की बोलियां लगाई गईं। यात्रा के उपरांत मंदिर में भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरित किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यात्रा में जैन समाज के अध्यक्ष संजय जैन, प्रवीण चंद जैन, महेश जैन, अर्पित जैन, सतीश जैन, राकेश जैन, योगेश जैन, वीरेश जैन, वासु जैन, विवेक, श्रेयांश जैन, जिनेंद्र जैन, सुनील कुमार, रविंद्र जैन, राजेश जैन, अजय जैन, वैभव जैन, देवांश गुप्ता, सिद्धार्थ जैन, प्रमोद जैन, रविंद्र जैन मौजूद रहे।