Baghpat: पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग, 50 हजार के इनामी समेत तीन गिरफ्तार
बड़ौत कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश जाबिर सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बड़ौत कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश जाबिर सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। आरोपियों के पास से चोरी की पिकअप गाड़ी, दो पशु, चार टायर, दो तमंचे, जिंदा कारतूस और कोखे बरामद हुए हैं।
सीओ विजय चौधरी ने बताया कि पुलिस बिनोली रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक बैरीकेड तोड़कर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: Meerut: सरधना में आठ वर्ष की बच्ची की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, गोली लगने से घायल
तीन कुख्यात बदमाश गिरफ्तार
गिरफ्तार बदमाशों में सहारनपुर का जाबिर (50 हजार का इनामी), इंतजार (सहारनपुर), और गुलजार (शामली) शामिल हैं। जाबिर पर अलग-अलग थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गुलजार पर 16 और इंतजार पर 13 मुकदमे दर्ज हैं।
पशु चोरी और अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक चोरी की पिकअप गाड़ी, दो पशु, चार चोरी के टायर, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो कोखे बरामद किए। बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
अस्पताल में भर्ती घायल बदमाश
घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सीओ विजय चौधरी ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान यह मुठभेड़ हुई, और तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।