Earthquake: बागपत में सुबह भूकंप जैसे झटकों से हिली ज़मीन, कई घरों में सोफा और मेज तक कांपे
बागपत में गुरुवार सुबह करीब 9:10 बजे ज़मीन में हल्के झटके महसूस किए गए। कई घरों में सोफा, मेज और रिमोट तक हिलते दिखे। लोग डरकर बाहर निकल आए।
विस्तार
घरों में बैठे लोगों को महसूस हुआ कि उनके फर्नीचर हिल रहे हैं। कई लोगों ने देखा कि सोफा, मेज और यहां तक कि टीवी का रिमोट भी अपनी जगह से हिल रहा है। दोघट कस्बे की अरूणा ने बताया कि वह हाल में बैठी थीं तभी सोफा हिलने लगा। शुरुआत में लगा कि कोई भारी वाहन निकला है, लेकिन जब टेबल पर रखा रिमोट भी हिला, तो उन्हें भूकंप का शक हुआ।
बड़ौत निवासी प्रभा ने कहा, 'मैं रसोई में थी, तभी दीवार से टिके बर्तन खड़कने लगे। बच्चे डर गए, तो मैं तुरंत बाहर निकल आई।'
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें। केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही विश्वास करें।
-भारी अलमारियों, खिड़की, कांच या दीवार से दूर रहें।
-किसी मजबूत टेबल या फर्नीचर के नीचे सिर व गर्दन को ढककर छिपें।
-बाहर हैं तो खुले मैदान में जाएं, पेड़-पोल से दूरी रखें।
-लिफ्ट का प्रयोग न करें, सीढ़ियों से उतरें।
-शांत रहें और दूसरों को भी शांत रखें।