फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Baghpat News ›   crime news

Baghpat News: एक्सप्रेसवे पर वाहन की टक्कर से पत्थर कारोबारी के बेटे की मौत

Sun, 27 Sep 2026 01:54 AM IST
Meerut Bureau मेरठ ब्यूरो
Updated Sun, 27 Sep 2026 01:54 AM IST
विज्ञापन
crime news
बागपत। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर अग्रवाल मंडी टटीरी इंटरचेंज के पास शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से सहारनपुर के नुमाइश कैंप निवासी पत्थर कारोबारी विजय धवन के इकलौते बेटे राघव धवन की मौत हो गई। सूचना मिलने पर आए पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन और घटना की सत्यता का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी।
विज्ञापन

सहारनपुर के नुमाइश कैंप निवासी पत्थर कारोबारी विजय धवन के बेटे राघव धवन शुक्रवार देर रात अपनी कार से दिल्ली में गारमेंट्स का कारोबार करने वाले अपने दोस्त पाथ शर्मा निवासी लेबर कॉलोनी सहारनपुर से मिलने जा रहे थे। इस बीच दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर अग्रवाल मंडी टटीरी के इंटरचेंज के पास रात करीब एक बजे कार की टक्कर से राघव धवन की मौत हो गई। वहां आए पुलिसकर्मियों ने कार में मिले दस्तावेज से पहचान कर उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि सहारनपुर से दिल्ली जा रहे राघव धवन अग्रवाल मंडी टटीरी इंटरचेंज के पास लघुशंका के लिए रुके और कार में वापस बैठते समय पीछे से आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। राघव धवन को पुलिसकर्मी अस्पताल लेकर गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर उनके परिवार वाले भी बागपत पहुंच गए। इस मामले में पुलिस ने विजय धवन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


दो बहनों के इकलौते भाई थे राघव
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि राघव धवन अपने परिवार में इकलौते बेटे थे। उनकी मौत होने के बाद परिवार में माता, पिता और दो बहनें रह गई हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिवार वाले शव लेकर चले गए और सहारनपुर में अंतिम संस्कार किया गया।
सिर की हड्डी टूटने से हुई राघव की मौत
राघव धवन का चिकित्सक ने पोस्टमार्टम किया, जिसमें उनके सिर की हड्डी टूटी हुई मिली। इसके अलावा हाथों और पैरों में भी चोट लगी मिली। सिर की हड्डी टूटने के साथ ही ज्यादा रक्तस्राव होने से राघव की मौत होने की बात कही जा रही है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रुकते ही हो रहे हादसे, रेस्ट एरिया में ही रोकें वाहन
बागपत। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर वाहन रफ्तार भरते नजर आ रहे हैं, जहां 100 से 150 किलोमीटर प्रतिघंटा से ज्यादा तेज गति से गाड़ियां गुजर रही हैं और ब्रेक लगते ही हादसे भी हो रहे हैं। एक्सप्रेसवे पर बीच में गाड़ियां रुकने से कई हादसे हो चुके हैं। इसको लेकर एनएचएआई के अफसरों ने गाइडलाइन का पालन करने और रेस्ट एरिया कॉम्प्लेक्स में ही गाड़ियां रोकने की अपील की।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का अप्रैल माह में शुभारंभ किया गया था, जिस पर दिल्ली से देहरादून का सफर महज दो से ढाई घंटे में पूरा हो रहा है। तेज रफ्तार एक्सप्रेसवे से जहां लोगों को सुविधा मिली तो जरा सी लापरवाही से बड़े हादसे भी हो रहे हैं। 21 जुलाई को एक्सप्रेसवे पर ट्रक के ब्रेक लगाने पर यात्रियों से भरी बस पीछे से भिड़ गई थी। इस हादसे में एक युवक की मौत, जबकि 15 घायल हो गए थे।
इसके अलावा लोनी में कैंटर सवार युवक की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे। ऐसे ही कई हादसे हो चुके हैं। इस मामले में एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर बीच में वाहन रोकने की अनुमति नहीं है। बीच में वाहन खड़ा करने पर चालान भी काटे जा रहे हैं। एक्सप्रेसवे पर दोनों तरफ 20 से 25 किलोमीटर की दूरी पर पांच-पांच रेस्ट एरिया कॉम्प्लेक्स बनाए गए हैं, जहां पेयजल से लेकर शौचालयों और बैठने की व्यवस्था है। चालक अपने वाहनों को रेस्ट एरिया कॉम्प्लेक्स में ही रोकें।

--
वर्जन
एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-सुकन्या शर्मा, सीओ
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed