बागपत। लोकसभा चुनाव में अभी तक केवल रालोद ही सक्रिय दिख रहा था लेकिन अब बसपा भी सक्रियता बढ़ाने लगी है और प्रत्याशी की अधिकारिक रूप से 22 मार्च को घोषणा करने के लिए सभा बुलाई गई है। इसमें घिटौरा गांव के गुर्जर बिरादरी के प्रवीण बैंसला को प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा जाएगा।
एनडीए गठबंधन में बागपत सीट को रालोद के खाते में दिया गया है और यहां से डाॅ. राजकुमार सांगवान को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके बाद से सभी सपा-कांग्रेस गठबंधन व बसपा के प्रत्याशी का इंतजार कर रहे थे। चुनाव की घोषणा होने के बाद लखनऊ से बसपा सुप्रीमो मायावती ने गुर्जर बिरादरी के प्रवीण बैंसला को चुनाव लड़ने की मंजूरी दी। घिटौरा गांव के रहने वाले प्रवीण 2015 मेंं दिल्ली में रोहताश नगर विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं। वह हाईकोर्ट में वकालत करते हैं। उनके नाम की मंजूरी मिलने के बाद अब 22 मार्च को हिना गार्डन में प्रत्याशी बनाने की अधिकारिक घोषणा करने के लिए सभा रखी गई है। उसकी तैयारी को लेकर ही बुधवार को बाईपास रोड पर बसपा कार्यालय में बैठक की गई, इसमें सतपाल पेपला, मोहित आनंद, जगरूप जाटव, जिलाध्यक्ष विक्रम भाटी आदि मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष विक्रम भाटी ने बताया कि बसपा के प्रत्याशी की घोषणा पउप्र प्रभारी शमशुद्दीन राईन करेंगे, जिसमें सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है।