Baghpat News: सुन्हैड़ा में शिक्षक ने हेड कांस्टेबल की गोली मारकर की हत्या, इस बात पर हुआ था विवाद
Baghpat Murder: बागपत के सुन्हैड़ा गांव में छुट्टी पर आए यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल अजय पंवार की रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप गांव के ही शिक्षक मोहित पर है, जिनके बीच एक हफ्ते पहले क्रिकेट के दौरान झगड़ा हुआ था।
विस्तार
Baghpat Murder News: बागपत जनपद के सुन्हैड़ा गांव निवासी और सहारनपुर में तैनात यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल अजय पंवार (32) की रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। अजय दो दिन पहले ही गृह प्रवेश के लिए छुट्टी लेकर गांव आए थे।
पुलिस के अनुसार, गांव के ही रहने वाले मोहित नामक प्राइमरी स्कूल शिक्षक ने अजय को उस वक्त गोली मार दी जब वह घर के पास टहल रहे थे। मोहित भी सहारनपुर में शिक्षक के पद पर कार्यरत है।
दोनों के बीच एक सप्ताह पहले गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान कहासुनी हुई थी, जिसके बाद व्हाट्सएप पर भी विवाद बढ़ता गया। रविवार को दोनों आमने-सामने आए और बात इतनी बढ़ी कि मोहित ने तमंचा निकालकर अजय पर गोली चला दी।
परिजन तुरंत अजय को सोनीपत के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भिजवाया।
एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी शिक्षक मोहित की तलाश की जा रही है, जो घटना के बाद से फरार है।