बागपत: परचून की दुकान में भीषण आग, दो सिलिंडर फटे; पांच साल की मासूम व महिला की मौत, कई अंदर फंसे
बागपत के खेकड़ा बाजार में पुलिस चौकी के पास परचून की दुकान और मकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो सिलिंडर फट गए और कई लोग झुलस गए। हादसे में 38 वर्षीय स्वाति जैन और पांच वर्षीय आन्या जैन की मौत की सूचना है।
विस्तार
बागपत के खेकड़ा बाजार में पुलिस चौकी के पास परचून की दुकान में भीषण आग लग गई। आग व्यापारी प्रदीप जैन की दुकान से होते हुए मकान तक पहुंच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पटाखों में आग लगने के कारण हादसा हुआ और इस दौरान दो सिलिंडर भी फट गए। आग की चपेट में आने से प्रदीप जैन के बेटे अंकुर जैन समेत कई लोग झुलस गए। पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। हादसे में स्वाति जैन और पांच वर्षीय आन्या जैन की मौत की सूचना है।
पटाखों में आग लगने के बाद भड़की आग
जानकारी के अनुसार, खेकड़ा बाजार में पुलिस चौकी के पास प्रदीप जैन की परचून की दुकान में आग लगी। बताया जा रहा है कि दुकान में रखे पटाखों में आग लगने के बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने दुकान के साथ मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें: मेरठ सर्पदंश हत्याकांड: टूट गई थी गले की हड्डी, पत्नी और उसके प्रेमी की पोस्टमार्टम में खुली थी पोल; अमित की हत्या में फैसला आज
दो सिलिंडर फटे, कई लोग झुलसे
आग के दौरान दो सिलिंडर भी फट गए। हादसे में व्यापारी प्रदीप जैन का बेटा अंकुर जैन और दो अन्य लोग झुलस गए। आग की लपटों और धमाकों से बाजार में अफरातफरी मच गई।
मकान में फंसे लोगों को निकालने में जुटी पुलिस
बताया गया कि बिन्नू प्रसाद जैन समेत दो महिलाएं और दो बच्चे मकान के अंदर फंसे हुए थे। पुलिस और आसपास के लोग उन्हें बाहर निकालने के प्रयास में जुटे रहे। दमकल कर्मी भी आग पर काबू पाने और राहत कार्य में लगे हुए हैं।
स्वाति और पांच वर्षीय आन्या की मौत
हादसे में 38 वर्षीय स्वाति जैन और पांच वर्षीय आन्या जैन की मौत की सूचना है। आग में झुलसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर स्थिति संभाल रही है।