यूपी : बागपत में अर्धनग्न अवस्था में बोरे में बंद मिला लापता बालिका का शव, चिकित्सक पर गंभीर आरोप
बागपत जनपद में शनिवार को लापता हुई बालिका का शव अर्धनग्न अवस्था में बोरे में बंद मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने क्षेत्र के ही एक झोलाछाप चिकित्सक पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
विस्तार
गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी को बुखार व सिर में दर्द था। वह शनिवार की शाम पड़ोस में अशिक्षित चिकित्सक के यहां दवा लेने गई थी, जो वापस लौटकर घर नही आई।
किशोरी के पिता व भाई ने देर रात तक उसको तलाश किया लेकिन उसका कहीं कोई पता नही चला। आरोप है जब चिकित्सक से पूछा तो उसने व उसके परिजनों ने उनके साथ गाली गलौच की। उसने ने चिकित्सक पर अपनी बहन को लापता करने की आशंका जताते हुए थाना पुलिस को सूचना दी।
रविवार की तड़के पुलिस ने गांव में पहुचकर बालिका की तलाश की और पूछताछ के लिए चिकित्सक व उसके पिता को हिरासत में ले लिया। बालिका के भाई द्वारा थाने पर दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि लापता बालिका का शव चिकित्सक के मकान की छत पर पड़ा है। सूचना पर सीओ बागपत अनुज मिश्रा, सीओ बड़ौत भारी पुलिस फोर्स के साथ चिकित्सक के मकान की छत पर पहुचे जहां से पुलिस ने बालिका के शव को बंद बोरे से अर्धनग्न हालत में बरामद किया और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा।
मोबाईल सर्विलांस सेल टीम ने भी गांव में पहुचकर घटना की छानबीन शुरू कर दी। घटना के संबंध में सीओ बागपत, बड़ौत ने कई घंट तक परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली। थाना पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।