Baghpat: गांजा बेचने का विरोध करने पर हमला, दो महिला समेत तीन लोग घायल, कोतवाली में जमकर हंगामा
Baghpat News : गांजा बेचने का विरोध करने पर हमला कर दिया गया। हमले में दो महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। इसके बाद महिलाओं ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया।
विस्तार
बागपत शहर की माता कॉलोनी में गांजा बेचने का विरोध करने पर गांजा तस्करों ने महिलाओं पर हमला कर दिया, जिसमें दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। उधर, पुलिस से शिकायत करने गईं महिलाओं को कोतवाली में बैठा लिया गया।
इसके बाद माता कॉलोनी की महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
माता कॉलोनी निवासी गुलशाना ने बताया कि कॉलोनी में कुछ लोग गांजा बेचने का काम करते है। जहां अक्सर नशा करने वालों का आना-जाना रहता है। आरोप लगाया कि उन्होंने गांजा बेचने का विरोध किया तो शनिवार सुबह गांजा तस्कर महिला ने अपने साथियों को बुलाकर उन पर हमला कर दिया। हमले में गुलशाना, जुमरत समेत तीन घायल हो गए। वहीं साथ ही बीच-बचाव कराने आए लोगों को भी धमकी देकर भगा दिया गया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
यह भी पढ़ें: UP: उप-राष्ट्रपति के जीवन का दिलचस्प किस्सा, रामदेव से कहा था- कोई ऐसा योग बनाइए की संसद की गरिमा बनी रहे
वहीं, मारपीट के बाद महिलाएं गांजा तस्कर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचीं और हंगामा किया। गुलशाना ने कोतवाली में तहरीर देकर कॉलोनी में गांजा बिक्री बंद कराने, गांजा तस्करों व हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर, पुलिस ने शिकायत करने गई दोनों महिलाओं को कोतवाली में बैठा लिया।
यह भी पढ़ें: UP: उपराष्ट्रपति बोले- लोकसभा के बारे में झूठी अफवाह को कैसे करें बर्दाश्त, सोचो छाती पर कितना सांप लोटता होगा
कई लोगों के साथ कर चुके हैं मारपीट
माता कॉलोनी निवासी आबिद ने बताया कि उक्त महिला कई साल से गांजा बेच रही है। जिसकी शिकायत करने वालों के साथ मारपीट कर धमकाया जाता है। पहले भी कई लोगों के साथ मारपीट हो चुकी है।