UP: छात्रा से छेड़छाड़ कर चॉकलेट देने का प्रयास, विरोध करने पर भाई-पिता पर हमला, लात-घूंसों से पीटा
Baghpat News : छात्रा से छेड़छाड़ कर चॉकलेट देने का प्रयास किया गया। वहीं इसका विरोध करने पर भाई और पिता पर हमला कर दिया। दोनों को लात-घूंसों से पीटा गया।
विस्तार
बागपत में कोतवाली के पास ही छात्रा से छेड़छाड़ कर चॉकलेट देने का विरोध करने पर मनचलों ने भाई व पिता पर हमला कर दिया। छात्रा के परिजनों को लात-घूंसों व बेल्ट से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। जिसके बाद हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। छात्रा के परिजन बागपत कोतवाली में शिकायत करने पहुंचे तो कोतवाली प्रभारी ने उसके बाद भी घटनास्थल पर जाने की जरूरत नहीं समझी।
बागपत शहर में रहने वाली एक छात्रा कक्षा नौ में पढ़ती है। वह स्कूल के बाद शाम को मदरसे में दीनी तालीम के लिए भी जाती है। स्कूल व मदरसे में आते जाते समय कुछ युवक उस छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते हैं। छात्रा को पिछले कई दिनों से परेशान किया जा रहा है। उसे मनचलों ने चॉकलेट देने का भी प्रयास किया। छात्रा ने इस बारे में अपने परिजनों को बताया तो उन्होंने छेड़छाड़ करने वालों के पास जाकर विरोध जताया। परिजनों ने छात्रा को परेशान नहीं करने की बात कही।
छात्रा के भाई का आरोप है कि शनिवार शाम को वह घर के बाहर दुकान पर बैठा हुआ था, तभी आरोपी युवक वहां आए और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। वहां शोर सुनकर उसके पिता बीच-बचाव कराने आए तो उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया।
यह भी पढ़ें: खतौली का दंगल: पूर्व मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पढ़ा मुस्लिमों का मन, बोले-बिना भेदभाव विकास कर रही भाजपा
बताया गया कि यह मामला कोतवाली से महज सौ मीटर दूर का ही है, जहां काफी देर तक हंगामा चलता रहा। लेकिन पुलिस वहां तक पहुंच नहीं सकी। उधर, छात्रा के भाई व पिता के साथ मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि छात्रा से छेड़छाड़ का मामला संज्ञान में आया है। जिसकी अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: याकूब पर शिकंजा: पुलिस ने बढ़ाई पूर्व मंत्री की मुश्किलें, बेटा जेल में ले रहा मौज, चौंका देंगे अंदर के राज
बागपत में एंटी रोमियो स्क्वाड केवल खानापूर्ति के लिए
मनचलों पर शिकंजा कसने के लिए शहर में तैनात की गई एंटी रोमियो स्क्वाड की टीम चेकिंग के नाम पर खानापूर्ति कर रही है, जबकि स्कूल, कॉलेजों के बाहर मनचलों का डेरा लगा रहता है। एंटी रोमियो स्क्वाड पर कई बार आरोप लग चुका है कि वह सुबह व शाम को शहर में जाते है और बाजार में आने वाली महिलाओं के नाम व पता रजिस्टर में दर्ज करके फोटो खींच लेते हैं। उन फोटो को अधिकारियों के पास भेजकर खानापूर्ति कर दी जाती है। जबकि स्कूल-कालेजों के आसपास मनचले घूमते रहते हैं।