Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP: Police alert for Diwali, police holidays cancelled, bonuses given for the festival; no power cuts

यूपी: दिवाली पर पुलिस अलर्ट, रद्द हुईं पुलिसकर्मियों की छुट्टियां, त्योहार पर बोनस का तोहफा; नहीं कटेगी बिजली

Fri, 06 Nov 2026 07:54 AM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: रोहित मिश्र Updated Fri, 06 Nov 2026 07:54 AM IST
सार

Diwali in UP: धनतेरस के साथ दीपावली का पर्व शुरू हो चुका है। प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों के लिए बोनस का एलान किया है।

विज्ञापन
UP: Police alert for Diwali, police holidays cancelled, bonuses given for the festival; no power cuts
यूपी में दीपावली। - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

दीपावली पर आपातकालीन पुलिस सहायता निर्बाध बनाए रखने के लिए यूपी-112 मुख्यालय में विशेष इंतजाम किए गए हैं। छह से 11 नवंबर तक अधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, निरीक्षक से आरक्षी स्तर तक के पुलिसकर्मी चार शिफ्टों में तैनात रहेंगे।

विज्ञापन


पुलिस महानिदेशक यूपी-112 विनोद कुमार सिंह ने मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि घटनाओं पर लगातार नजर रखें और पीड़ितों को पीआरवी के माध्यम से जल्द सहायता पहुंचाई जाए। तकनीकी सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के लिए सिस्टम इंटीग्रेटर और सेवा प्रदाता एजेंसियों के प्रतिनिधियों की भी शिफ्टवार ड्यूटी लगेगी।
विज्ञापन


बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर की जांच कराने और पर्याप्त डीजल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी ने कहा कि त्योहार के दौरान हर आपातकालीन कॉल पर त्वरित कार्रवाई हो। जनसुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

दिवाली से देव दीपावली तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

दीपावली से लेकर देव दीपावली तक प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। पांच से 17 नवंबर तक प्रदेश के किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी को सामान्य परिस्थितियों में अवकाश नहीं मिलेगा। डीजीपी राजीव कृष्ण ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

डीजीपी ने सभी डीजी, एडीजी, आईजी, डीआईजी और पुलिस कमिश्नरों को आदेश का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को भी पुलिसकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। हालांकि, किसी विशेष या अपरिहार्य परिस्थिति में संबंधित अधिकारी छुट्टी मंजूर कर सकेंगे। 

दरअसल अगले दो सप्ताह में दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा और देव दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार हैं। इस दौरान बाजारों, मंदिरों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और छठ घाटों पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। अयोध्या में दीपोत्सव समेत दूसरे प्रमुख आयोजनों में भी सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की जरूरत होगी। ऐसे में त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। सभी जिलों को संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और शांति व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बोनस का 75 फीसदी जीपीएफ में, 25 फीसदी का नकद भुगतान

UP: Police alert for Diwali, police holidays cancelled, bonuses given for the festival; no power cuts
योगी सरकार का फैसला। - फोटो : अमर उजाला

सरकार ने करीब 15 लाख राज्य कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस का तोहफा दिया है। बोनस का 75 फीसदी हिस्सा कर्मचारियों के भविष्य निधि (जीपीएफ) खाते में जमा किया जाएगा। 25 फीसदी हिस्सा तत्काल नकद भुगतान किया जाएगा। जो कर्मचारी भविष्य निधि के सदस्य नहीं हैं, उन्हें यह राशि एनएससी या पीपीएफ के रूप में दी जाएगी। जो कर्मचारी 31 मार्च 2026 के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं या 30 अप्रैल 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें बोनस की पूरी 100% धनराशि नकद दी जाएगी।

शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी कर्मचारी को वर्ष 2025-2026 में किसी विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई या आपराधिक मुकदमे में दंड दिया गया है, तो उसे बोनस नहीं मिलेगा। वहीं, जिनके खिलाफ जांच या मुकदमा लंबित है, उनका बोनस परिणाम आने तक स्थगित रहेगा। दोषमुक्त होने पर उन्हें रुके हुए सभी वर्षों का बोनस दे दिया जाएगा।

इस तरह बोनस गणना
-बोनस की गणना के लिए मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा 7000 रुपये प्रति माह तय की गई है।
-एक महीने में औसत दिनों की संख्या 30.4 मानकर गणना की जाएगी। इस आधार पर अधिकतम बोनस 6,908 बनेगा।
-छह कार्य दिवसीय सप्ताह वाले कार्यालयों में कम से कम तीन वर्ष से लगातार कार्यरत और हर वर्ष न्यूनतम 240 दिन काम करने वाले दैनिक भोगी भी इसके दायरे में आएंगे। उनके लिए अधिकतम परिलब्धि 1200 रुपये प्रति माह मानते हुए 1184 रुपये का बोनस तय किया गया है।

दीपावली पर नहीं होगी बिजली कटौती

प्रकाश पर्व दीपावली, छठपूजा सहित अनेक प्रमुख त्योहारों पर प्रदेश वासियों को अनवरत सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पावर कारपोरेशन ने व्यापक तैयारी की है। प्रमुख सचिव व पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने वीडियो कांफ्रेन्सिंग से विद्युत आपूर्ति की समीक्षा की।

अध्यक्ष ने डिस्कॉम के प्रबन्ध निदेशकों, मुख्य अभियन्ताओं सहित विद्युत निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी क्षेत्रों को कटौती मुक्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। स्थानीय स्तर पर विद्युत आपूर्ति में आने वाले अवरोधों को भी कम से कम समय में ठीक करने हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। 

अप्रत्याशित ब्रेकडाउन होने की दशा में जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति को चालू करने के लिए पर्याप्त संख्या में मरम्मत गैंगों की व्यवस्था रहे। वितरण के अधिकारी एवं कर्मचारी अपना फोन उठाएं। ट्रॉली ट्रांसफार्मर चेक कर लें। अवर अभियंता से लेकर सभी वरिष्ठ अधिकारी पेट्रोलिंग करें। ट्रांसफार्मर, फीडर आदि का लोड चेक हो जाये। 
 

दिवाली पर जगमगाएंगे गांव, सभी गांवों में चलेगा विशेष सफाई अभियान

दिवाली पर प्रदेश के गांव भी स्वच्छता और रोशनी से जगमगाएंगे। सरकार ने सभी 57,694 ग्राम पंचायतों में त्योहार से पहले, दौरान और बाद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।इसके तहत शिव मंदिरों, देवी मंदिरों और अन्य पूजा स्थलों के साथ आसपास के रास्तों व सार्वजनिक स्थलों की सफाई कराई जाएगी। नदी, तालाब, पोखरों और अमृत सरोवरों के घाटों की सफाई के लिए विशेष टीमें लगाई जाएंगी। डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए जलभराव वाले स्थानों और कूड़े के ढेर हटाए जाएंगे। चिह्नित स्थानों पर फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव होगा। 

दिवाली के बाद निकलने वाले कचरे को ग्राम पंचायतों के आरआरसी केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर शुद्ध पेयजल और हैंडपंप चालू रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। ग्राम पंचायतें वित्त आयोग की धनराशि से सफाई मशीनें और श्रमिकों की व्यवस्था कर सकेंगी। निदेशक पंचायती राज धीरेंद्र सिंह सचान ने बताया कि जिला पंचायत राज अधिकारी और मंडलीय उपनिदेशक अभियान की निगरानी करेंगे। सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की रिपोर्ट प्रतिदिन शासन को भेजी जाएगी।

दीपावली पर उपहार के साथ हुनरमंद हाथों का भी करें सम्मान : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर प्रदेशवासियों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और कारीगरों व शिल्पकारों के हुनर का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रियजनों को उपहार देते समय एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) के उत्पादों को प्राथमिकता दें। इससे प्रदेश की समृद्ध विरासत के साथ हुनरमंद हाथों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओडीओपी योजना ने पारंपरिक कलाओं और उत्पादों को नई पहचान दी है। प्रदेश के कुल निर्यात में ओडीओपी उत्पादों की करीब 50 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं, 81 जीआई टैग से प्रदेश के विशिष्ट उत्पादों को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि ओडीओपी उत्पादों को उपहार में अपनाना कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों की मेहनत का सम्मान होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के आह्वान को आत्मसात कर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का संकल्प साकार होगा।

धनतेरस पर सीएम ने दीं शुभकामनाएं

UP: Police alert for Diwali, police holidays cancelled, bonuses given for the festival; no power cuts
सीएम योगी। - फोटो : अमर उजाला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान धन्वंतरि से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि धनतेरस भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और लोक आस्था से जुड़ा पर्व है, जो आरोग्य और समृद्धि के महत्व का संदेश देता है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, मंत्री भूपेंद्र चौधरी, जयवीर सिंह, जेपीएस राठौर, संजय सिंह गंगवार, रवीन्द्र जायसवाल आदि ने भी शुभकामनाएं दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed