{"_id":"6aed3f56d810af00410aa3c6","slug":"over-50-bollywood-celebrities-threatened-in-lawrence-bishnoi-gang-s-name-iit-engineer-arrested-in-bengaluru-2026-11-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"बॉलीवुड में दहशत: 50 से अधिक हस्तियों को धमकी! लॉरेंस गैंग के नाम पर उगाही की कोशिश, पूछताछ में बड़ा खुलासा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
बॉलीवुड में दहशत: 50 से अधिक हस्तियों को धमकी! लॉरेंस गैंग के नाम पर उगाही की कोशिश, पूछताछ में बड़ा खुलासा
विज्ञापन
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
सार
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
सब्सक्राइब करें
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस
- फोटो :
अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजकर करोड़ों रुपये की उगाही मांगने के मामले में गिरफ्तार वैभव मिश्रा को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला है कि आरोपी ने सिर्फ इन दोनों अभिनेताओं को ही नहीं, बल्कि चार दर्जन से ज्यादा फिल्मी हस्तियों को ऐसे धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजे थे। इनमें से ज्यादातर ने अब तक पुलिस में शिकायत नहीं की है।जांच में सामने आया है कि बिहार के दरभंगा का रहने वाला वैभव इंस्टाग्राम पर अलग-अलग फर्जी नामों से अकाउंट बनाता था। इन अकाउंट के जरिए वह खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर फिल्मी हस्तियों को ऑडियो मैसेज भेजता और धमकाकर उनसे पैसे मांगता था। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि उसने यह सिलसिला 18 अक्तूबर को जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के बाद शुरू किया था। इस घटना के बाद फिल्मी हस्तियों में गैंग के नाम पर धमकी मिलने को लेकर पहले से ही चिंता का माहौल था।
50 से ज्यादा फिल्मी हस्तियों को भेजे धमकी भरे ऑडियो मैसेज
आईआईटी से बीटेक कर चुका वैभव फिलहाल बेरोजगार था। मुंबई क्राइम ब्रांच की बांद्रा यूनिट ने इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जांच के जरिए उसकी पहचान की। क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने सीआईयू की मदद से फर्जी अकाउंट, डिजिटल फुटप्रिंट और ऑडियो रिकॉर्डिंग की पड़ताल की। इसी जांच के आधार पर पुलिस को आरोपी की लोकेशन बेंगलुरु में मिली, जहां बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार को उसे मुंबई लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई।
आरोपी ने अभिनेता तुषार कपूर को भेजे गए ऑडियो मैसेज में पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। इसी तरह आयुष्मान खुराना को भी इंस्टाग्राम के जरिए धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजे गए थे। दोनों अभिनेताओं से जुड़ी शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
तुषार कपूर से मांगे थे 5 करोड़ रुपये
तुषार कपूर ने उगाही के लिए धमकी मिलने के मामले में मुंबई पुलिस को अनौपचारिक रूप से जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस की प्रोटेक्शन ब्रांच ने एहतियात के तौर पर तुषार कपूर और उनकी बहन एवं फिल्म निर्माता एकता कपूर की सुरक्षा बढ़ा दी थी। हालांकि, पुलिस ने उनकी सुरक्षा की श्रेणी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी।
ऑडियो जांच में खुली पोल
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने धमकी भरे ऑडियो मैसेज की आवाज का भी विश्लेषण किया था। तुषार कपूर को भेजे गए संदेश की रिकॉर्डिंग की तुलना लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर के आधिकारिक वॉयस सैंपल से की गई थी। जांच में दोनों आवाजों के बीच कोई समानता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को शक हुआ कि कोई व्यक्ति लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम और उसकी पहचान का इस्तेमाल कर फिल्मी हस्तियों को डरा रहा है और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश कर रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वैभव बेरोजगार था और निराशा के चलते इस तरह के धमकी भरे संदेश भेज रहा था। पुलिस को उसके मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ परेशानियों का भी संदेह है, लेकिन इस पहलू की जांच अभी जारी है। इस बारे में पुलिस ने कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। बिहार में रहने वाले उसके परिवार को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है।
गौरतलब है कि 18 अक्तूबर को जुहू में टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर गोलीबारी हुई थी। इस घटना के बाद फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की चिंता बढ़ गई थी। क्राइम ब्रांच इस गोलीबारी के मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।