बागपत। कलक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक में डीएम राजकमल यादव ने ऋण वितरण में देरी न बरतने के निर्देश दिए। ऋण वितरण में देरी होने पर प्रबंधकों से जवाब मांगने की हिदायत भी दी।
डीएम ने कहा कि शासन से संचालित योजनाओं के ऋण वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिनका ऋण पास हो गया है, उन्हें सुलभ तरीके से ऋण वितरण किया जाए। लाभार्थी की सूची बैंकों में चस्पा करें और लाभार्थी से बैंक के चक्कर लगवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर एलडीएम राजेश पंत ने विभिन्न योजनाओं से वितरित किए ऋण की जानकारी दी।
उधर एसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि सभी बैंकों व एटीएम के सीसीटीवी कैमरे व सायरन सुचारु रूप से संचालित रहने चाहिए और सिक्योरिटी गार्ड अलर्ट रहे। साथ ही बैंकों में आने वाले संदिग्धों पर नजर रखने और घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला विकास प्रबंधक शोमीर पुरी, आरबीआई के सहायक महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्र, आरसेटी के निदेशक शशि यादव, ब्रज भूषण सिंह मौजूद रहे।