अमर उजाला एक्सक्लूसिव: यूपी के इस जिले में बारिश ने कम की बिजली की खपत, ऊर्जा निगम को 11 करोड़ की बचत
आगे भी कई दिनों तक बारिश होने की संभावना है। इस कारण बिजली की खपत और कम होने की उम्मीद है। बरसात से पूर्व जनपद में रोजाना करीब 850 शिकायतें दर्ज होती थीं। अब ये घटकर प्रतिदिन 250 रह गई हैं। वहीं, बिजली कट संबंधित शिकायतें भी काफी कम हुई हैं।
विस्तार
बरसात होने के कारण एक सप्ताह में उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में 1.16 लाख यूनिट की खपत कम हुई है। इससे ऊर्जा निगम को आठ दिन में 11 करोड़ रुपये की बिजली की बचत हुई है। वहीं, हर रोज 850 से अधिक शिकायतें दर्ज होती थीं। अब बारिश के बाद ये घटकर 250 रह गई हैं।
विद्युत निगम के ट्रांसमिशन विभाग के एसडीओ अंकित ने बताया कि जनपद में 23 जुलाई से पहले रोजाना 6042 मेगावाट बिजली आपूर्ति होती थी। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण आठ दिन में यह खपत घटकर मात्र 1550 मेगावाट रह गई है। यानि जनपद में 1.613 लाख यूनिट की खपत कम हुई है। इस सप्ताह ऊर्जा निगम को तकरीबन 11 करोड़ रुपये की बचत हुई है। इससे निगम को आर्थिक लाभ भी हुआ है।
एक सप्ताह के अंदर बिजली की खपत
23 जुलाई को 3875 मेगावाट, 24 जुलाई में 4655, 25 जुलाई में 4162, 26 जुलाई में 4050, 27 जुलाई में 2680 व 28 जुलाई को 1550 मेगावाट, 29 जुलाई को 1875 और 30 जुलाई को 2265 मेगावाट खपत हुई है।
इतने बिजलीघर जनपद में
220 केवी के तीन बिजलीघर है, जो बड़ौत, बागपत व निरपुडा गांव के नाम से कान्हड़ गांव में स्थित है। इसके अलावा 132 केेवी के आठ बिजलीघर है। यह बिलौचपुरा, बड़ौत, बागपत, हर्सिया, खेकड़ा, सिंघावली अहीर, छपरौली, किरठल व निरपुड़ा में है। इसके अलावा 33/11 केवी के जनपद में 84 बिजलीघर है।
घट गईं शिकायतें
बरसात से पूर्व जनपद में रोजाना करीब 850 शिकायतें दर्ज होती थीं। अब ये घटकर प्रतिदिन 250 रह गई हैं। वहीं, बिजली कट संबंधित शिकायतें भी काफी कम हुई हैं।
बिजली आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या नहीं
आगे भी कई दिनों तक बारिश होने की संभावना है। इस कारण बिजली की खपत और कम होने की उम्मीद है। उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या नहीं है। उन्हें आवश्यकतानुसार ही बिजली का उपयोग करना चाहिए। क्षेत्र में बिजली लाइन से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के साथ निस्तारण कराया जा रहा है - गोपाल सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड प्रथम।
बारिश की फुहारों से भी कम नहीं उमस
कभी तेज धूप तो कभी आसमान पर काली घटाएं। शनिवार को मौसम का मिजाज सुबह से ही बदला रहा। धूप और बारिश की फुहारों के बीच भी गर्मी का असर कम नहीं हुआ। उमस भी बढ़ गई, शाम तक उमस के चलते गर्मी का असर बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चार तक मौसम का मिलाजुला असर रहेगा। अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री व न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया।