Baghpat News: चिंगारी गिरने से कई किसानों की 57 बीघा गेहूं की फसल जली, युवक झुलसा
हाईटेंशन लाइन के तारों की चिंगारी में आग लगने से ललियाना और रोशनगढ़ गांव के जंगल में 12 बीघा गेहूं की फसल आग लगने से जल गई। जहां आग बुझाते समय रोशनगढ़ गांव में एक युवक झुलस गया। जिसका पिलाना सीएचसी में उपचार कराया गया। वहीं शनिवार को खेकड़ा में चिंगारी गिरने से किसानों की फसल जल गई।
विस्तार
रोशनगढ़ गांव के रहने वाले गौतम कश्यप के खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। तभी वहां से गुजर रहे रोशनगढ़ गांव के ही अनुज ने आग बुझाने का प्रयास किया, जो आग की चपेट में आने से झुलस गया। आसपास काम कर रहे किसानों ने किसी तरह आग बुझाई और झुलसे हुए युवक का पिलाना सीएचसी में उपचार कराया गया।
उधर, ललियाना गांव के रहने वाले अरुण ने बताया कि उसने धौलीप्याऊ के पास खेत में गेहूं की फसल उगा रखी है। जिसके ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी जर्जर है। जिससे उठी चिंगारी से उसके खेत में आग लग गई। जिसे देखते ही खेतों में काम कर रहे किसान दौड़कर आग बुझाने पहुंचे, लेकिन उसकी दस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई थी। आग लगने से जली फसल का किसानों ने मुआवजा दिलाने की मांग की। किसानों ने हाईटेंशन लाइन के जर्जर तार बदलवाने की मांग की।
चिंगारी से छह किसानों की 45 बीघा गन्ने की फसल जली
खेकड़ा में शनिवार की शाम खेकड़ा के जंगल में विद्युत लाइन की चिंगारी से छह किसानों की 10 लाख रुपये कीमत की 45 बीघा गन्ना फसल जल गई। पीड़ित किसानों ने डीएम से क्षतिपूर्ति मुआवजा दिलवाने की मांग की है।
मोहल्ला अहिरान निवासी किसान देवेंद्र, बलवान, बंशी, धर्मवीर, कृष्णपाल, सोनू आदि ने काठा रोड पर अपने खेतों में गन्ना फसल बो रखी है। शाम को समय खेतों के ऊपर से जा रही विद्युत लाइन से निकली चिंगारी से गन्ने की फसल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलने पर पहुंचे फायर कर्मियों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक किसानों की 10 लाख रुपये कीमत की 45 बीघा गन्ना फसल जल चुकी थी। पीड़ित किसानों ने डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर जली फसल की क्षतिपूर्ति दिलवाने की मांग की है।